शपथ ग्रहण समारोह : भूपेंद्र सिंह चौधरी बोले- प्रदेश के 17 नगर निगमों में भाजपा के महापौर को अवसर मिलना पार्टी का गौरव
जीते प्रतिनिधि जनहित के कार्यों को दें पूरी प्राथमिकता, निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं सेवा का फर्ज, विनोद अग्रवाल ने तीसरी बार महापौर पद की शपथ ली, कहा अधूरे कार्यों को पूरा कराना प्राथमिकता

शपथ के बाद मंच पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मंत्री जितिन प्रसाद नगर विधायक रितेश गुप्ता महापौर विनोद अग्रवाल व अन्य भाजपा नेता
मुरादाबाद, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश के सभी नगर निगम में भाजपा के महापौर को जनता ने जिताकर कार्य करने का अवसर दिया है यह भाजपा के लिए गर्व का विषय है। सभी नगर निगमों और अन्य निकायों में जीते भाजपा के जन प्रतिनिधि अपने नगर निकाय के विकास के लिए कड़ी मेहनत और निष्ठा से कार्य कर ईमानदारी से सेवा का फर्ज निभाएं। जिससे जनहित सार्थक हो सके। इसके लिए निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देता हूं।
शपथ लेने के बाद महापौर विनोद अग्रवाल प्रदेश अध्यक्ष व मंत्री जितिन प्रसाद का स्वागत करते कार्यकर्ता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंचायत भवन सभागार में नगर निगम के तीसरी बार नव निर्वाचित महापौर भाजपा के विनोद अग्रवाल और वार्ड पार्षदों के शपथग्रहण समारोह के बाद मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार की ओर से इन्हें पूरा सहयोग और समर्थन मिलता रहेगा। इसके पहले नगर निगम के महापौर पद पर भारतीय जनता पार्टी के विनोद अग्रवाल ने तीसरी बार शपथ ली। पंचायत भवन सभागार में शुक्रवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पद व कर्तव्यनिष्ठा की शपथ लेते हुए विनोद अग्रवाल ने कहा कि अधूरे कार्यों को पूरा कराकर मुरादाबाद को विकास के पटल पर प्रदेश में शीर्ष पर स्थापित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
शपथ लेते महापौर विनोद अग्रवाल
जिले के प्रभारी और लोकनिर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि विनोद अग्रवाल के नेतृत्व में महानगर की सरकार पीलतनगरी को और गौरव दिलाने का काम करेगी इसका भरोसा है। कहा कि जनता की सेवा के लिए सभी लोग एक सूत्र में बंधकर कार्य करें। प्रदेश सरकार की ओर से मुरादाबाद नगर निगम के महापौर और पार्षदों को पूरा समर्थन और सहयोग रहेगा। सबका साथ, सबका विकास के प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करना है।
शपथ ग्रहण समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, नगर विधायक रितेश कुमार गुप्ता, विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा के अलावा वार्डों के निर्वाचित पार्षद और उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। पंचायत भवन सभागार में शपथ ग्रहण समारोह में सबसे पहले महापौर विनोद अग्रवाल को मंडलायुक्त ने शपथ दिलाई। इसके बाद नव निर्वाचित पार्षदों ने बारी-बारी से अपने पद और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ लेकर नगर निगम की जनता के हित में काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
शपथ लेने के बाद महापौर विनोद अग्रवाल का स्वागत करते नगर आयुक्त संजय चौहान
नगर आयुक्त संजय चौहान ने सभी के प्रति आभार जताया। संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुपमा शांडिल्य ने किया। इसके बाद महापौर ने नगर निगम के कार्यालय पहुंचकर अपने पद का कार्यभार संभाला। जहां नगर निगम के अधिकारियों ने उनका बुके देकर स्वागत किया। उन्होंने नगर निगम के सर्वांगीण विकास में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : यह है रोडवेज डिपो पीतलनगरी, नाक पर रुमाल रखना है मजबूरी...जानिए क्यों?