डिप्टी CM ब्रजेश पाठक से लखनऊ व्यापार मंडल ने की मुलाकात, BJP मेयर प्रत्याशी सुषमा खर्कवाल को दिया समर्थन

अमृत विचार, लखनऊ। नगर निकाय चुनाव में लखनऊ व्यापार मंडल ने भाजपा की मेयर प्रत्याशी सुषमा खर्कवाल को समर्थन दिया है। लखनऊ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने आज सुबह उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से उनके आवास पर मुलाकात की और भाजपा के मेयर प्रत्याशी को समर्थन देने की बात कही। वहीं उन्होंने अपनी मांगों को लेकर डिप्टी सीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ व्यापार मंडल से हमारे घरेलू रिश्ते हैं। इनकी जो भी मांगे है उस पर काम किया जायेगा। ये कोई लिखा पढ़ी की बात नहीं बल्कि हृदय की बात है। डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि लखनऊ व्यापार मंडल ने व्यापारियों के हित में जो मांगे रखी है उसका स्वागत करते हैं और भरोसा दिलाते है कि पहले की तरह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि लखनऊ में व्यापार सुगमता से चले इसके लिए लखनऊ व्यापार मंडल व्यापारियों की सेवा में लगे रहते है। ऐसे में हमारी सरकार लखनऊ व्यापार मंडल के साथ हर स्थिति में साथ खड़ी रहेगी।
वहीं लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि व्यापारियों को लेकर हमारी 15 बिंदुओं की मांग थी। जिसपर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अपनी सहमति दी है। जिसको लेकर लखनऊ व्यापार मंडल निकाय चुनाव में भाजपा की मेयर प्रत्याशी सुषमा खर्कवाल को पूरा समर्थन देता है।
ये भी पढ़ें:- UP Nikay Chunav 2023 : आज शाम 6 बजे थम जायेगा प्रथम चरण का प्रचार, जानिए किन जिलों में 4 मई को होगी Voting