त्रिपुरा दक्षिण एशिया का 'गेटवे' बनने की ओर अग्रसर : विजय संकल्प रैली में बोले PM Modi

त्रिपुरा दक्षिण एशिया का 'गेटवे' बनने की ओर अग्रसर : विजय संकल्प रैली में बोले PM Modi

अगरतला (त्रिपुरा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को धलाई के अंबासा पहुंचे। जहां उन्होंने विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। इस दौरान त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा भी उपस्थित रहे। माणिक साहा ने कहा, आज कांग्रेस के दफ्तर से सीपीएम का झंडा निकलता है और सीपीएम के दफ्तर से कांग्रेस का झंडा निकलता है। आज ऐसे भी नेता हैं जो इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं लेकिन इन्होंने अपने शासनकाल में कितना खून बहाया है वो 35 साल में हमने देखा है।

पीएम मोदी ने कहा, पहले त्रिपुरा में एक ही शब्द सुनने को मिलता था 'चंदा'। इन्होंने तीन दशक तक चंदे के नाम पर लोगों को लूटने का लाइसेंस देकर रखा था। हमने त्रिपुरा के लोगों को चंदा-चंदा करने वालों से मुक्त कर दिया है। त्रिपुरा के गरीबों, युवाओं, माताओं-बहनों, जनजातियों के लिए पार्टी ने नए लक्ष्य तय किए और पार्टी ने उन्हें पूरा करने का संकल्प लिया है... त्रिपुरा के लोगों को याद रखना है आपके एक वोट की शक्ति से त्रिपुरा वामपंथ के कुशासन से मुक्त हुआ है

पीएम मोदी ने कहा, त्रिपुरा पर मां त्रिपुर सुंदरी का आशीर्वाद है। हमारी सरकार त्रिपुरा को त्रि-शक्ति से बढ़ा रही है, वो शक्ति है- आवास, आरोग्य और आमदनी। आवास, आरोग्य और आमदनी त्रिपुरा के लोगों का जीवन आसान बना रही है। पहले त्रिपुरा के पुलिस स्टेशनों पर सीपीएम कैडर का कब्जा था, लेकिन अब भाजपा के शासन में राज्य में कानून का राज है। अब राज्य में महिला सशक्तिकरण है और लोगों के लिए जीवनयापन करना आसान हो गया है। 

पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस और लेफ्ट के लोग छल-कपट में जुटे हैं, कुशासन के पुराने खिलाड़ियों ने हाथ मिला लिया है। इनको जाने वाला एक-एक वोट त्रिपुरा को पीछे धकेल देगा। इसलिए आपको केवल कमल के सामने वाला बटन दबाना है। कांग्रेस ओर वामपंथी गरीब से केवल विश्वासघात करना जानते हैं। वो गरीब को कभी किसी चिंता से मुक्त नहीं कर सकते।

पीएम मोदी ने कहा, भाजपा आपकी सेवक की तरह, आपके सच्चे साथी की तरह...आपकी हर चिंता दूर करने का काम दिन रात मेहनत कर के कर रही है। आज 'आवास-आरोग्य-आय' की त्रिशक्ति त्रिपुरा को सशक्त बना रही है। पीएम आवास योजना ने यहां के गरीब लोगों का जीवन बदल दिया है।हमने बीते पांच साल में करीब करीब तीन लाख पक्के घर बना कर गरीबों को दिए हैं।

पीएम मोदी ने कहा, त्रिपुरा में गांव गांव तक ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का काम जारी है। पिछले आठ वर्षों में तीन गुना से ज़्यादा ऑप्टिकल फाइबर त्रिपुरा में बिछाए जा चुके हैं। त्रिपुरा दक्षिण एशिया का 'गेटवे' बनने की ओर अग्रसर है। हमारा संकल्प पत्र यह साबित करता है कि भाजपा वही करती है जो आप चाहते हैं और हम वही करते हैं जो आपकी प्राथमिकता होती है, जो आपकी जरूरत होती है। हमने अपने संकल्प पत्र में नए लक्ष्य के साथ नए कदम उठाने का फैसला लिया है।

पीएम मोदी ने कहा, पहले त्रिपुरा में केवल वामपंथी कैडर को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता था लेकिन अब हर नागरिक को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। पुलिस थानों तक पर सी.पी.एम. कैडर का कब्ज़ा था लेकिन भाजपा सरकार ने राज्य में कानून का राज स्थापित किया है। अब त्रिपुरा की पहचान हिंसा और पिछड़ापन नहीं है।

पीएम मोदी ने कहा, त्रिपुरा में पहले एक ही पार्टी को झंडा फहराने की इजाजत थी लेकिन आज भाजपा सरकार ने त्रिपुरा को डर, भय और हिंसा से मुक्ति दी है। कांग्रेस और वामपंथियों ने त्रिपुरा को विकास के मामले में पीछे धकेल दिया था लेकिन हमारी सरकार सिर्फ पांच सालों में ही त्रिपुरा को तेज विकास की पटरी पर ले आई है। 

ये भी पढ़ें : केजरीवाल और एलजी में तकरार ! DISCOM बोर्ड से AAP के दो नेताओं को हटाया