देश में बढ़ रही है नफरत, भाईचारा बना रही भारत जोड़ो यात्रा :नकुल दुबे
.jpg)
लखनऊ, अमृत विचार। पूरे देश में बीते आठ- नौ सालों से गंभीर हालात बने हुए हैं, भाई को भाई का दुश्मन बनाया जा रहा है, हिंदु को मुस्लिम से, सवर्ण को दलित से लड़ाकर अमीर और गरीब के बीच की खाई को और बढ़ाया जा रहा है। देश में नफरत का माहौल बन रहा है। इसके बीच कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पूरे देश को जोड़ने का काम कर रही है। ये बातें उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष नकुल दुबे ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजधानी में कहीं।
नकुल दुबे ने कहा कि आगामी तीन जनवरी से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि चंद उद्योगपतियों के पास देश का पैसा एकत्र होता जा रहा है। बाकी देशवासी गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। ऐसे में नफरत के माहौल को समाप्त करने के लिए और देश में भाईचारा बढ़ाने के लिए हमारे नेता राहुल गांधी भारत जोडा़े यात्रा निकाल रहे हैं और अब यह यात्रा कई राज्यों से होते हुए उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर रही है। इस यात्रा में उत्तर प्रदेश की सहभागिता भी बढ़चढ़ कर रहेगी । उन्होंने कहा कि प्रांतीय अध्यक्षों के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा चुकी है जिसका उद्देश्य जन-जन तक राहुल गांधी के संन्देश को पहुंचाना था और लोगों को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करना था।
ये भी पढ़ें -स्वामी प्रसाद मौर्या के जन्मदिन के मौके पर होगा ब्लड डोनेशन कार्यक्रम