काशीपुर: तौल में गड़बड़ी को लेकर किसानों ने काटा हंगामा

काशीपुर: तौल में गड़बड़ी को लेकर किसानों ने काटा हंगामा

काशीपुर, अमृत विचार। धान तौल केंद्र में गड़बड़ी को लेकर किसानों ने हंगामा काटा है। सूचना पर प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए किलावली धान केंद्र को गढ़ीनेगी में स्थानांतरित कर दिया है। अब किसानों का धान गढ़ीनेगी केंद्र पर तौला जाएगा।

दरअसल अक्तूबर से धान तौल केंद्र के लिए किलावली में सहकारिता का तौल केंद्र खोला गया था। जहां पर किसान धान तुलवाते आ रहे हैं। किसानों का आरोप है कि काफी समय से केंद्र में धान तौल को लेकर गड़बड़ी चल रही थी। जिसको लेकर किसानों ने विरोध जताया था।

जिसकी विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। मंगलवार को किसानों ने केंद्र पर पहुंचकर धान तौल में गड़बड़ी को लेकर हंगामा काटना शुरू कर दिया। इसकी शिकायत प्रशासन से की गई। सूचना पर तहसीलदार युसुफ अली, जसपुर और काशीपुर के विपणन अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।

जहां टीम को घर के अंदर तौल केंद्र संचालित होता मिला, जो नियम विरुद्ध था। साथ ही मौके पर विवाद की स्थिति बनी पायी गई। उन्होंने लोगों को समझाकर जैसे-तैसे शांत किया। इस दौरान तहसीलदार के साथ भी अभद्रता करने का प्रयास किया गया। तहसीलदार युसूफ अली ने बताया कि ग्राम किलावली में धान तौल केंद्र एक व्यक्ति के घर में संचालित हो रहा था, जो नियम के खिलाफ है।

धान तौल में गड़बड़ी को लेकर किसान केंद्र पर शिकायत करते मिले। विवाद की स्थिति बनी हुई थी। समय से मौके पर नहीं पहुंचे तो विवाद खड़ा हो सकता था। शांति बनाए रखने के लिए केंद्र को गढ़ीनेगी में स्थानांतरित कर दिया गया है। केंद्र से करीब एक हजार क्विंटल धान भी मौके से उठा लिया जाएगा।