गोला पहुंचे सीएम योगी, बोले- छोटी काशी को सौंदर्यीकरण का रूप देने के लिए फिर आएंगे

गोला पहुंचे सीएम योगी, बोले- छोटी काशी को सौंदर्यीकरण का रूप देने के लिए फिर आएंगे

अमृत विचार, गोला गोकर्णनाथ। गोला विधानसभा के हो रहे उप चुनाव में अपने प्रत्याशी अमन गिरि का चुनाव प्रचार करने आए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आठ माह पहले वह गोला आए थे। तब जिले की सभी सीटें भाजपा को मिलीं। गोला के विधायक अरविंद गिरि का सपना गोला कारीडोर बनाने का …

अमृत विचार, गोला गोकर्णनाथ। गोला विधानसभा के हो रहे उप चुनाव में अपने प्रत्याशी अमन गिरि का चुनाव प्रचार करने आए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आठ माह पहले वह गोला आए थे। तब जिले की सभी सीटें भाजपा को मिलीं। गोला के विधायक अरविंद गिरि का सपना गोला कारीडोर बनाने का था। उसे पूरा करने के लिए काम चल रहा है। छोटी काशी को काशी श्विनाथ की भांति रूप देने के लिए वह पुनः नींव पूजन करने आएंगे।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: सपा जिलाध्यक्ष ने भाजपा नेता और पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, DM से की शिकायत

पब्लिक इंटर कालेज के स्वर्गीय राजेंद्र गिरि स्टेडियम में हुई चुनावी सभा में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गोला कारीडोर के लिए लखनऊ की टीम आकर सर्वे कर चुकी है। चुनावी आचार संहिता के कारण काम आगे बढ़ नहीं सका लेकिन इस उप चुनाव के निपट जाने के बाद छोटी काशी को भव्य रूप देने का काम युद्घ स्तर पर किया जाएगा। यहां की सड़के चौड़ी करने का आदेश दे चुके हैं। स्वर्गीय विधायक अरविंद गिरि का नगर और क्षेत्र के विकास का जो सपना था उसे उनका पुत्र अमन गिरि विधायक बनकर पूरा करेगा। पार्टी पूरे दमखम से अमन गिरि के साथ रहेगी।

चीनी मिल चलने से पूर्व अन्नदाता को मिल जाएगा गन्ने का पूरा भुगतान
छोटी काशी के पब्लिक इंटर कालेज स्थित स्वर्गीय राजेंद्र गिरि स्टेडियम में पार्टी प्रत्याशी अमन गिर की चुनावी सभा में आए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यहां की सबसे बड़ी समस्या गन्ना भुगतान की है। किसान विश्वास रखे चीनी मिल चलने से पूर्व अन्नदाता को पूरा बकाया भुगतान मिल जाएगा। वह जिले के विकास के लिए भी काफी चिंतित हैं।

चुनावी सभा में प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को फूलमालाओं से लादकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी ने अपने भाषण की शुरुआत यहां की जनता को देवतुल्य बताकर दर्शन करने का सौभाग्य बताते हुए की। उन्होंने कहा कि आज सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती है। उनके बारे में पार्टी ने जो कुछ किया है वह किसी से छुपा नहीं है। लखनऊ में भी राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया है। कहा कि डबल इंजन की सरकार को ताकत देने के लिए वह आठ माह पूर्व गोला में अरविंद गिरि के चुनाव प्रचार में आए थे। उसका लाभ यह मिला कि जिले की सभी आठों सीटें भाजपा की झोली में गईं यह जन मानस के समर्थन का परिणाम है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा हार का बहाना ढूंढ़ती है। पहले ईवीएम में गड़बड़ी का बहाना बनाते थे, अब जबरन चुनाव जीतने का आरोप लगाया जा रहा है। प्रदेश में चार बार सपा की सरकार बनी इस जिले को सपा सरकार में कुछ नहीं मिला। भाजपा की सरकार में लखीमपुर में मेडिकल कालेज दिया है, जिससे जिले के बच्चों को लखनऊ और मुम्बई पढ़ने नहीं जाना पड़ेगा। जिले में ही उत्तम चिकित्सा पढ़ाई और आम जनमानस को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में इस जिले में 57700 शौचालय बनवाए गए हैं। गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत मकान बन रहे हैं। स्वनिधि योजनांतर्गत पटरी दुकानदारों को जोड़ा गया है। किसान सम्मान निधि में छह लाख 45हजार किसानों को इस जिले में किसान सम्मान निधि दी जा रही है। पांच लाख महिलाओं को फ्री रसोई गैस कनेक्शन दिए गए हैं। 40हजार कन्या सुमंगला योजना के तहत बालिकाओं को लाभ मिला है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत 51 हजार युवक युवतियों के विवाह कराए गए हैं।

उन्होंने कहा कि विधायक स्वर्गीय अरविंद गिरि ने अपने विधायकी कार्यकाल में कई कालेज खुलवाए। आईटीआई शिक्षा की व्यवस्था की। उनकी हार्दिक इच्छा थी कि बाबा भोलेनाथ की नगरी में गोला कारीडोर का निर्माण हो। कहा कि विश्वास दिलाता हूं कारीडोर की नींव रखने के लिए वह पुनः गोला आएंगे। सड़कों के चौड़ीकरण का आदेश दे दिया गया है। जो शीघ्र ही दिखाई देगा। विधायक अरविंद गिरि का पुत्र अमन गिरि में काम करने का जज्बा अपने पिता के समान ही दिखाई दे रहा है। वह प्रधानमंत्री मोदी के सबका साथ, सबका विकास के रास्ते पर चलने का काम करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चीनी मिलों को आदेश दे दिया गया है कि पेराई सत्र शुरू होने से पहले अन्नदाता को गन्ने का भुगतान मिल जाएगा। कहा कि भ्रष्टाचारियों के लिए हमारी जेलें इंतजार कर रही हैं। गुंडे, माफिया दुम दबाकर गिड़गिड़ाते नजर आ रहे हैं। पिछली सरकारों में जो गरीबों की संपत्ति लूटने का काम करते थे आज सरकार उन गुंडो के लिए संकट बन गई है।

चुनावी सभा में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने क्षेत्र के विकास का खाका खींचते हुए मुंख्यमंत्री को आश्वश्त किया कि चुनावी सभा में उमड़ा जनसैलाब गोला विधानसभा का इतिहास रचेगा। विधायक अरविंद गिरि के निधन से उप चुनाव होने पर अमन गिरि के जीतने से क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा। प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भी पार्टी की नीतियां बताते हुए अमन गिरि के लिए हाथ उठवाकर जन समर्थन मांगा।

पार्टी प्रत्याशी अमन गिरि ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उनके पिता जी का नाम गौरवांनवित किया है। तीन नवंबर को होने वाले मतदान में उनके पिता अरविंद गिरि के संघर्ष और उनकी स्मृति का स्मरण करते हुए कमल का बटन दबा देना। आपका बेटा, भाई अरविंद गिरि के पदचिन्हों पर चलकर समाज सेवा में हर समय तत्पर रहेगा।

प्रदेश सरकार के मंत्री जेपीएस राठौर, बलदेव सिंह औरख, सुरेश राही, असीम अरुण, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, जिले के सभी विधायक, अरविंद गिरि की पत्नी सुधा गिरि, सुरजनलाल वर्मा आदि मौजूद रहे। संचालन जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने किया।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: छठ पूजा को लेकर दो दिन रहेगा रूट डायवर्जन, शहर के अंदर नहीं आएंगे बड़े वाहन