बरेली: स्ट्रीट फूड प्वाइंट बनाने की योजना बना रहा निगम

बरेली: स्ट्रीट फूड प्वाइंट बनाने की योजना बना रहा निगम

अमृत विचार, बरेली। स्मार्ट हो रहे शहर में जगह-जगह लगे ठेले खोमचे भी नदारद होंगे। इनकी जगह फूड स्ट्रीट बनेगी। यह चलती फिरती स्ट्रीट फूड की लजीज वस्तुओं की दुकानें होंगी, जो शाम छह बजे से देर रात तक खुली रहेंगी। नगर निगम इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए उन जगहों को चिन्हित कर …

अमृत विचार, बरेली। स्मार्ट हो रहे शहर में जगह-जगह लगे ठेले खोमचे भी नदारद होंगे। इनकी जगह फूड स्ट्रीट बनेगी। यह चलती फिरती स्ट्रीट फूड की लजीज वस्तुओं की दुकानें होंगी, जो शाम छह बजे से देर रात तक खुली रहेंगी। नगर निगम इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए उन जगहों को चिन्हित कर रहा है, जहां अतिक्रमण न हो।

अगले दो महीने तक शहर में कई मनोरंजक स्थान खुल जाएंगे। जहां शहरवासी आकर बच्चों के साथ मनोरंजन तो करेंगे साथ ही खानपान का लुत्फ भी उठा सकेंगे। इसके लिए नगर निगम खाका तैयार कर रहा है। इसके तहत अक्षर विहार, डेलापीर तालाब, संजय कम्युनिटी हाल के तालाब, गांधी उद्यान मनोरंजक स्थल के रूप में तैयार किए जा रहे हैं। ऐसी जगहों पर आने वाली जनता को फूड स्ट्रीट की जरूरत हो सकती है। जनता की इस जरूरत को नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने समझा है और इस योजना को अमलीजामा पहनाने के निर्देश दिए हैं।

खाने में स्वाद किसी का पेटेंट नहीं है। यही वजह है कि शहर में कोई लस्सी बेहतर बनाता है तो कोई छोले भटूरे। किसी के मोमोज लजीज होते हैं तो किसी के बर्गर। वेज कवाब, वेज बिरयानी के साथ किसी के हाथ के मसाले पावभाजी पर इतने सटीक पड़ते हैं कि खाने वाला अंगुली चाटते रह जाता है। अब तो चाय भी बेहतर बनने लगी है। पहले की तरह खानपान की निश्चित चीजें अब नहीं रह गई हैं। बाजार में खाने पीने की कई वैरायटी मौजूद हैं। इनको मनोरंजक स्थल पर फूड स्ट्रीट के रूप में स्थापित करने की योजना पर काम किया जा रहा है।

अजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त
फूड स्ट्रीट खोलने पर विचार किया जा रहा है। स्ट्रीट वेंडरों को भी इससे लाभान्वित किया जा सकता है। मनोरंजन स्थल पर भी लजीज खानपान की सुविधा मिलने से जनता को भी सुखद अनुभव होगा।

ये भी पढ़ें- बरेली: बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों से तीन दिन में वसूला 17.64 लाख का जुर्माना