अयोध्या नगर निगम में परिसीमन की तैयारी शुरू, जुटाए जा रहे हैं अभिलेख

अयोध्या। शासन के निर्देश के बाद अयोध्या नगर निगम में भी परिसीमन की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए निगम तहसील प्रशासन की मदद से अभिलेख जुटाने में जुट गया है। हालांकि अयोध्या नगर निगम में वार्डों की संख्या 60 ही रहेगी, जो नए 41 राजस्व ग्राम जुड़े हैं उन्हें इन्हीं वार्डों में …
अयोध्या। शासन के निर्देश के बाद अयोध्या नगर निगम में भी परिसीमन की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए निगम तहसील प्रशासन की मदद से अभिलेख जुटाने में जुट गया है। हालांकि अयोध्या नगर निगम में वार्डों की संख्या 60 ही रहेगी, जो नए 41 राजस्व ग्राम जुड़े हैं उन्हें इन्हीं वार्डों में पृथक- पृथक जोड़ा जाएगा।
इसके लिए विस्तृत नक्शा नजरी बनाने की तैयारी की जा रही है। कौन राजस्व ग्राम किस वार्ड में जुड़ेगा यह गठित वार्डों की आवश्यकता के अनुसार देखा जाएगा। पहले यह माना जा रहा था कि वार्डों की संख्या भी बढ़ेगी, लेकिन गत वर्ष दिसम्बर में हुई कैबिनेट की बैठक के फैसले के अनुसार ही कार्य होगा।
परिसीमन 2011 की जनगणना के आधार पर किया जाएगा। परिसीमन को लेकर निगम और निकायों में हलचल शुरू हो गई है। बता दें कि पिछले नगर निकाय चुनाव नवंबर 2017 में कराए गए थे। इस हिसाब से अगला नगर निकाय चुनाव नवंबर 2022 में सम्भावित है। गौरतलब हो कि 2017 के निकाय चुनाव के बाद शहरी क्षेत्रों की संख्या खासी बढ़ गई।
शहरीकरण के चलते कई निकायों का सीमा विस्तार किया गया। अब नवसृजित नगर निकायों और सीमा विस्तार किए गए निकायों में वार्ड गठन पहला कार्य होगा। इसके लिए नवसृजित निकायों नए सिरे से वार्ड गठन किया जाएगा तो सीमा विस्तार वाले निकायों में जनसंख्या के मुताबिक नए वार्ड बनाए जाएंगे।
अयोध्या जिले में नगर निगम अयोध्या सहित तीन निकायों का परिसीमन कराया जाएगा। इनमें नगर निगम अयोध्या नवसृजित नगर पंचायतें खिरौनी और नगर पंचायत कुमार गंज शामिल हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी नगर निकाय व पंचायत सलिल पटेल ने बताया कि निकाय चुनाव के मद्देनजर परिसीमन कराए जाएंगे। इसके चलते वोटरों की संख्या में भी इजाफा होगा।
गत वर्ष दिसम्बर में लिया गया था फैसला
नगर निगम में सीमा विस्तार होने के बाद दिसम्बर में ही यूपी कैबिनेट ने अयोध्या नगर निगम में नए वार्ड न गठित किए जाने का फैसला लिया था। उसके मुताबिक सीमा विस्तार के बाद भी नगर निगम में वार्डों की संख्या 60 ही रहेगी। नए परिसीमन में इन गांवों को 60 वार्डों में पृथक-पृथक जोड़ा जाएगा।
सीमा विस्तार में मसौधा व पूराबाजार ब्लॉक के 41 गांव शामिल हैं, जो अब परिसीमन के बाद नगरीय क्षेत्र में शामिल हो जायेंगे। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार नगर निगम क्षेत्र की जनसंख्या दो लाख 20 हजार है। 41 गांवों को मिलाकर हुए सीमा विस्तार के बाद नगर निगम की जनसंख्या अब तीन लाख 20 हजार हो गई है।
परिसीमन के बाद ये राजस्व ग्राम हो जायेगे नगरीय क्षेत्र में
सदर तहसील के अब्बूसराय, गद्दोपुर, खोजनपुर, पहाड़गंज, उसरू, पूरे हुसैन खां, जनौरा, सुल्तानपुर बछड़ा, कोरखाना, भीखापुर, नंदापुर, देवकाली, शाहजहांपुर, रानोपाली, आशापुर, तकपुरा, मक्खापुर, हैबतपुर, शाहनेवाजपुर उपरहार, आशिफबाग, पाठकपुर उपरहार, माझा बरेहटा, जियनपुर, माझा आशिफबाग, माझा शाहनेवाजपुर, पलियाशाहबदी, हांसापुर, डाभासेमर, चांदपुर हरवंशपुर, गोपालपुर, मलिकपुर, गंजा, काजीपुर मालिकपुर, धर्मपुर सआदत, कुशमाहा, कुढ़ाकेशवपुर उपरहार, मिजार्पुर शमशुद्दीनपुर, मिजार्पुर माफी व सहनवां राजस्व ग्राम के अलावा सदर तहसील का बनबीरपुर व मऊयदुवंशपुर राजस्व ग्राम शामिल हैं। इन क्षेत्रों के विकास की मैपिग के साथ अन्य प्रक्रियाओं को पूरा किया जाएगा।
परिसीमन के बाद बढ़ जाएगी नगरीय आबादी
शहरीकरण का काम पूरा होने के बाद कुल आबादी का 1/5 जनसंख्या शहर में निवास करने लगेगी। जिले की कुल आबादी लगभग 27 लाख है। साल 2017 में सभी पांच निकायों नगर निगम अयोध्या नगर पालिका रुदौली, नगर पंचायतों बीकापुर, भदरसा, गोसाईगंज की कुल आबादी लगभग चार लाख बताई गई थी।
नगर निगम के विस्तारीकरण के बाद निगम में लगभग एक लाख की आबादी बढ़ गई। कुमारगंज और सुचित्तागंज नगर पंचायतों के सृजन के बाद शहरों की कुल आबादी लगभग साढ़े पांच लाख तक पहुंच जाएगी। यह जिले की कुल आबादी का लगभग 1/5 भाग होगा। प्रस्तावित परिसीमन में अयोध्या नगर निगम में नए वार्ड नहीं गठित होंगे। पहले से गठित 60 वार्डों में ही सीमा विस्तार वाले गांवों को जोड़ दिया जाएगा।