कासगंज: 4900 ई-रिक्शा में से आधे ही पंजीकृत...अभियान चला तो चालकों में खलबली
सीएम के निर्देश के बाद अवैध ई-रिक्शाओं के खिलाफ अभियान शुरू

कासगंज, अमृत विचार। जनपद में बिना चेसिस रजिस्ट्रेशन के ई-रिक्शा का संचालन किया जा रहा है। हादसे के बाद उनकी कोई जानकारी नहीं होती है, वहीं राजस्व की भी क्षति हो रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनपद में अपंजीकृत ई-रिक्शा के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। जिसमें अपंजीकृत ई-रिक्शा को जब्त किया जा रहा है।
जनपद में लगभग 4900 ई-रिक्शा का संचालन हो रहा है। हर गली मोहल्ले से लेकर बाजारों, बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशनों पर ई-रिक्शाओं का संचालन हो रहा है। मुख्यमंत्री की तरफ से ऐसे ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के निर्देश हैं। जिस पर अभियान शुरू किया गया है और यह अभियान 30 अप्रैल तक चलेगा। जिसमें अपंजीकृत ई-रिक्शा को जब्त कर नष्ट किया जाएगा। एआरटीओ राम प्रकाश मिश्र ने बताया कि अपंजीकृत ई-रिक्शा के खिलाफ 30 अप्रैल तक अभियान चलाया जाएगा। अपंजीकृत ई-रिक्शा जब्त कर उन्हें नष्ट कराया जा रहा है। जिनके पंजीकरण नहीं हुए हैं व कागज आदि पूर्ण कर पंजीकरण करा लें। बता दें कि जनपद में संचालित 4900 ई-रिक्शा में महज 2500 ई-रिक्शा हीं पंजीकृत हैं, जबकि 2400 ई-रिक्शा का संचालन बिना किसी पंजीकरण के किया जा रहा है।
अपंजीकृत 30 ई-रिक्शा किए जब्त
गंजडुण्डवारा कस्बे में ई-रिक्शा के खिलाफ अभियान में 30 ई-रिक्शा जब्त कर कोतवाली में खड़े कराए गए। कार्रवाई से रिक्शा संचालकों में हड़कंप मच गया। अभियान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आरपी मिश्रा एवं टीएसआई लक्षमण सिंह ने संयुक्त रूप से चलाया।
ये भी पढ़ें - कासगंज : अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों में कोहराम