BJP ने कानपुर उत्तर से अनिल दीक्षित, दक्षिण से शिवराम सिंह चौहान को बनाया जिलाध्यक्ष; यहां देखें- मंडल की सूची

BJP ने कानपुर उत्तर से अनिल दीक्षित, दक्षिण से शिवराम सिंह चौहान को बनाया जिलाध्यक्ष; यहां देखें- मंडल की सूची

कानपुर, अमृत विचार। भाजपा में पिछले दो महीने से जिलाध्यक्षों के चयन को लेकर चल रही कवायद का रविवार को पटाक्षेप हो गया। पार्टी ने दक्षिण जिलाध्यक्ष को छोड़कर उत्तर और ग्रामीण जिलाध्यक्षों को बदल दिया। उत्तर में अनिल दीक्षित और ग्रामीण जिले में पूर्व विधायक उपेंद्रनाथ पासवान को नया जिलाध्यक्ष बनाया है। दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह पर पार्टी ने एक बार फिर से भरोसा किया है।क्षेत्रीय कार्यालय में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच जैसे ही नामों की घोषणा हुई समर्थक झूम उठे तो वहीं पुराने जिलाध्यक्ष नाम रिपीट न होने की वजह से मायूस होकर निकल गये। 

 

WhatsApp Image 2025-03-16 at 3.04.22 PM

जिलाध्यक्षों की घोषणा के लिए रविवार को केशव नगर स्थित भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय मुख्यालय में एक बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में चुनाव पर्यवेक्षक पूर्व विधान परिषद सदस्य जयप्रकाश चतुर्वेदी, उत्तर, दक्षिण एवं ग्रामीण जिले के चुनाव अधिकारी पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, पूर्व सांसद कांता कर्दम, जय प्रकाश निषाद व क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने पदाधिकारियों की मौजूदगी में जिलाध्यक्षों की घोषणा की। प्रदेश नेतृत्व ने पदाधिकारियों को वाट्सअप पर सूची भेजी। 

दक्षिण जिलाध्यक्ष के रूप में 53 वर्ष के शिवराम सिंह के नाम की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे लगाने लगे वहीं शिवराम सिंह की आंखों से खुशी के आंसू छलकने लगे। उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने घोषणा होने के बाद दंडवत होकर मंच को प्रणाम किया। वहीं, उपेंद्र पासवान ने जिलाध्यक्ष बनने के बाद वरिष्ठों का आशीर्वाद लिया। पार्टी कार्यकर्ता खुशी के मारे ढोल की ताप पर नाचने लगे। समर्थकों ने गुलाल खेल होली मनाई। इस दौरान प्रमुख रूप से क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडे, विधायक महेश त्रिवेदी, राहुल बच्चा सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, बालचंद मिश्र, रघुनंदन भदौरिया, डॉ वीना आर्या पटेल, सुनील बजाज, दीपू पांडे, कृष्ण मुरारी शुक्ला, जसविंदर सिंह, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

WhatsApp Image 2025-03-16 at 3.01.03 PM

निराश होकर लौटे दीपू पांडेय

सबसे पहले दक्षिण जिलाध्यक्ष की घोषणा की गई। भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष दीपू पांडेय मंच पर बैठे थे, लेकिन इस दौरान अनिल दीक्षित का नाम घोषित होते हुए दीपू पांडेय निराश हो गए और कोई बात नहीं कहकर सांसद व चुनाव अधिकारियों से मिलकर समर्थकों के साथ क्षेत्रीय कार्यालय से बाहर निकल गए।  

10 मिनट लेट पहुंचे अनिल दीक्षित 

उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित के नाम की घोषणा की गई। उनका नाम कई बार बुलाया गया लेकिन वे मंच पर नहीं आए। इसके बाद सांसद व अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें कई बार फोन किया, तब जाकर 10 मिनट बाद वह क्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में पहुंचे। उत्तर जिले में नए अध्यक्ष बनाए गए अनिल दीक्षित पार्टी के पुराने कार्यकर्ता होने के साथ पदाधिकारी के रूप में कई जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं। पिछली 
बार भी अनिल दीक्षित का नाम ऊपरी क्रम पर चल रहा था लेकिन ऐन मौके पर दीपू पांडेय बाजी मार ले गए थे लेकिन इस बार अनिल दीक्षित उन पर भारी पड़े। विनम्र होने के साथ ही ब्राह्मण वोटबैंक में अच्छी पकड़ है। 

पार्टी द्वारा दिये गये कार्यों में अच्छे प्रदर्शन का मिला गिफ्ट

दक्षिण जिले में दोबारा जिलाध्यक्ष बनाए गये शिवराम सिंह को लगातार पार्टी द्वारा दिये गये कार्यों में अच्छो प्रदर्शन करने का गिफ्ट मिला। शिवराम के बारे में कहा जा रहा है कि उन्हें क्षेत्रीय अध्यक्ष समेत अन्य बड़े नेताओं से निकटता का लाभ मिला है। दक्षिण जिले का कार्यालय भी वर्तमान में शिवराम सिंह के आवास पर ही है। दक्षिण और क्षेत्रीय कार्यालयों के कार्यक्रम में शिवराम सिंह मजबूती से अपनी मौजूदगी को दर्ज कराते रहे हैं, ऐसे में उनके रिपीट होने की संभावना पहले ही जताई जा रही थी। 

कानपुर ग्रामीण में उपेंद्र नाथ पासवान बने 

ग्रामीण जिले में पूर्व विधायक रहे उपेंद्र नाथ पासवान को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। सबसे कम उम्र के जिलाध्यक्ष माने जा रहे हैं। घाटमपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल कर भाजपा का पहली बार परचम लहराया था। जीत के बावजूद अगले विधानसभा चुनाव में वह टिकट की रेस में पीछे छूट गए, जिसको लेकर पुराने कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखी गई थी। माना जा रहा है कि उपेंद्र पासवान की ग्रामीण जिले में ताजपोशी कर उस नाराजगी को दूर करने का प्रयास किया गया है।

शिवराम ने आनंदेश्वर मंदिर में टेका माथा

भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने घोषणा के बाद आनंदेश्वर मंदिर परमट में माथा टेका और बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। केशव भवन संघ कार्यालय और महापौर द्वारा मोतीझील में आयोजित होली मिलन समारोह में शिरकत की और वहां मौजूद वरिष्ठ जनों का आशीर्वाद लिया।

यह भी पढ़ें- कानपुर में गंगा में डूबे PAC जवान का तीसरे दिन मिला शव; होली के दिन बुढ़िया घाट पर स्नान करने आए थे...परिजन बदहवास

 

ताजा समाचार

शाहजहांपुर: 15 साल पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, लाठी-डंडों से पीटा...दोनों पैरों में मारी गोलियां
शिवनेरी किले में मधुमक्खियों का हमला, 60 लोग घायल
एसजीपीजीआई: दिल की गंभीर बीमारी से ग्रसित युवती को दिया नया जीवन, ब्रेन स्ट्रोक ने कर दी थी हालत नाजुक
Kanpur में सिपाहियों को जान से मारने का प्रयास: गहरे पानी में नहाने से रोका तो दबंगों ने किया पथराव, तीन घायल, हैलट में भर्ती
Kanpur में दुष्कर्म पीड़िता का वीडियो किया वायरल, आरोपी बोला- 'मुकदमा वापस लो वर्ना सुसाइड करने पर मजबूर कर दूंगा'
बहराइच: जहरखुरानी गिरोह का शिकार हुआ युवक, तीन दिन से पड़ा था सड़क किनारे