शाहजहांपुर: समय पर नहीं चुकाया टैक्स तो लगेगा 12% ब्याज, कई बकायेदारों को नोटिस

शाहजहांपुर: समय पर नहीं चुकाया टैक्स तो लगेगा 12% ब्याज, कई बकायेदारों को नोटिस

शाहजहांपुर, अमृत विचार: मार्च माह में शत-प्रतिशत वसूली के लक्ष्य में जुटे कर निर्धारण अधिकारी की टीम के सामने होली पर्व को लेकर अड़चनें आ रही हैं। घरेलू आम करदाता त्योहार मनाने की बात कहकर वसूली को टाल दे रहा है, वहीं बड़े व्यापारी पहले क्लोजिंग को निपटा लेना चाहते हैं। इन सब दिक्कतों के बीच मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने चार करोड़ से अधिक की बकाया वसूली के लिए 300 से ज्यादा बकाएदारों को कुर्की नोटिस जारी किए हैं, साथ ही चेतावनी दी है कि कर अदा नहीं करने वालों पर 12 प्रतिशत का ब्याज लगाया जाएगा।

गत वर्ष बकाया अदा नहीं करने वाले 37 बड़े बकाएदारों को नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से कुछ ने बकाया जमा कर दिया था, लेकिन कुछ आधा-अधूरा बकाया देकर चुप्पी साध कर बैठ गए। महानगर में संपत्ति कर के बकायेदारों पर अब भी करोड़ों रुपया नगर निगम का शेष है। किसी पर एक करोड़ 55 लाख से अधिक तो किसी पर 44 लाख से ज्यादा का कर बकाया है। ऐसे लोगों पर लगातार कर जमा करने के लिए कहा जा रहा है और नोटिस भी जारी किए गए हैं, फिर भी बकायेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।

अब ऐसे बकायेदारों पर शिकंजा कसने की तैयारी पूरी हो चुकी है। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि महानगर में वित्तीय वर्ष में 12 करोड़ रुपये का कर बकाया था, जिसके सापेक्ष पांच मार्च तक करीब आठ करोड़ का कर वसूला जा चुका है। अब जो कुछ बड़े बकायेदार हैं, और बकाया देने में बहानेबाजी कर रहे हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ कुर्की नोटिस जारी किए गए हैं और छोटे-मोटे बकायेदारों की संख्या सैकड़ों में है। इनके खिलाफ भी वसूली अभियान चल रहा है। कुर्की नोटिस जारी होने के बाद भी यदि वसूली में करदाता सहयोग नहीं करेंगे तो उनकी संपत्ति सीज कर दी जाएगी।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि आधे से अधिक की वसूली हो चुकी है, इससे उम्मीद है कि कर वसूली अभियान में हम शत-प्रतिशत वसूली के नजदीक पहुंच जाएंगे। करीब 300 बकायेदारों को कुर्की नोटिस भेज दिए गए हैं। इनमें से कुछ बकाएदार ऐसे भी हैं, जिन पर गत वर्ष भी बकाया था। इन बकायेदारों को 15 दिन का समय दिया गया है। 31 मार्च तक बकायेदारों ने कर नहीं जमा किया तो उन पर एक अप्रैल से 12 प्रतिशत का ब्याज लगाया जाएगा।

नगर निगम की चेतावनी कार्रवाई से बकाएदारों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं सरकारी विभागों पर करीब 13 करोड़ का कर बकाया है, जिनमें मंडी समिति पर पांच करोड़ से अधिक, रोडवेज पर दो करोड़ से अधिक, पीडब्ल्यूडी पर एक करोड़ से अधिक का बकाया है, इसके अलावा अन्य सरकारी विभागों पर भी बकाया है। इन सरकारी विभागों की वसूली सरकारी ग्रांट पर अटकी हुई है।

संपत्ति कर के बड़े बकायेदारों को कुर्की नोटिस जारी कर दिए गए हैं। करीब 300 लोगों को नोटिस दिए गए हैं, इनमें से ज्यादातर व्यापारी हैं। क्लोजिंग का समय चल रहा है, संभव है कि इन लोगों से 25 मार्च के बाद बकाया मिलना शुरू हो जाएगा। यदि 31 मार्च तक कर अदा नहीं किया तो बकायेदारों पर 12 प्रतिशत का ब्याज लगना शुरू हो जाएगा- विपिन दिलीप सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, नगर निगम।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: पकड़े गए चोरों को रिमांड पर लेगी पुलिस, पूछताछ में उगलवाएगी सच