आशिक मिजाज पीआरडी जवान को महिला ने बीच सड़क पीटा

हल्द्वानी, अमृत विचार : बदन पर खाकी और तहसील में काम करने का रौब गांठने वाले एक पीआरडी जवान को महिला ने खूब सबक सिखाया। जवान, महिला को अश्लील मैसेज भेज रहा था। जिस पर महिला ने पीआरडी जवान को तहसील के बाहर ही पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर डाली। बीच सड़क धुनाई से लोगों की भीड़ जमा हो गई। अंत में जवान को महिला के पैरों में गिर कर माफी मांगनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक तहसील में काम करने वाले इस पीआरडी जवान से पीड़ित महिला किसी काम के सिलसिले में मिली थी। काम कराने के एवज में पीआरडी जवान ने महिला से उसका मोबाइल नंबर ले लिया और फिर उसे मैसेज भेजने लगा। कुछ समय तक तो महिला ने उसकी हरकत को नजरअंजाम दिया। एक दिन उसने जवान से ऐसा न करने को कहा, लेकिन महिला की सहनशीलता से उसके हौसले बुलंद होने लगे। बताया जाता है कि वह महिला को अश्लील मैसेज भेजने लगा था। महिला ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। जिसके बाद परिजन महिला को लेकर तहसील पहुंच गए।
उन्होंने तहसील के भीतर उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। परिजन अभी तहसील से बाहर ही निकल रहे थे कि तभी पीआरडी जवान नजर आ गया। उसे देखते ही परिजनों ने उसे पकड़ लिया। परिजनों ने उससे मैसेज भेजने की वजह पूछी तो वह आनाकानी करते हुए इधर-उधर की बातें करने लगा। जिसके बाद महिला ने अपने हाथ में पकड़े हेलमेट से उसे पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच महिला के साथ आया व्यक्ति ने आरोपी को कॉलर से जकड़ कर रखा। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पिटने और खुद को फंसा देख आरोपी फौरन ही महिला के पैरों में गिर पड़ा। जिसके बाद महिला ने उसे क्षमादान दे दिया। हालांकि किसी ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।