लखीमपुर खीरी: मुलायम सिंह पर टिप्पणी से भड़के सपाइयों ने महंत राजू दास का फूंका पुतला

सपा कार्यालय के सामने पुलिस से तीखी झड़प, जमकर हुई धक्का-मुक्की

लखीमपुर खीरी: मुलायम सिंह पर टिप्पणी से भड़के सपाइयों ने महंत राजू दास का फूंका पुतला

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। सपा के मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव पर की गई टिप्पणी से भड़के सपाइयों ने कलेक्ट्रेट गेट पर हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास का पुतला फूंका। इस दौरान पुतले को छीनने की कोशिश कर रही पुलिस और सपाई आमने-सामने आ गए। उनमें काफी तीखी नोकझोंक और धक्का मुक्की हुई।
 
हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी से सपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। बुधवार को सपाईयों ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए कलेक्ट्रेट गेट पर महंत राजू दास का पुतला दहन करने की योजना बनाई थी। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई थी। सपा जिला कार्यालय लोहिया भवन से लेकर कलेक्ट्रेट गेट तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इधर सुबह से ही सपा के कार्यकर्ताओं की भीड़ भी कार्यालय पर जुटने लगी। कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट गेट पर नारेबाजी करते हुए पहुंचे और महंत राजू दास के पुतले को जलाने का प्रयास किया। ये देख पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने जब पुतला छीनने का प्रयास किया तो सपाई पुलिस से भिड़ गए। सपाइयों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हालात इतने बिगड़ गए कि खूब धक्का मुक्की भी हुई। हालांकि इस अफरा-तफरी के बीच कार्यकर्ताओं ने पुतले को आग लगा दी। 

सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष यश मोहन पटेल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहे। उन्हें हाल में ही देश के सर्वोच्च सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। उन्होंने कहा कि चारों युवा फ्रंटलों ने मिलकर महंत राजू दास का पुतला फूंका है और हम उनकी गिरफ्तारी की मांग करते हैं। अगर आरोपी महंत के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष रामपाल यादव, मोहन वाजपेई, प्रवीण यादव, प्रख्याति खरे, आरती जनवार आदि तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत