बरेली : सैलून और कपड़ा व्यापार में नाम कमा रहीं महिला व्यापारी

बड़ी संख्या में महिलाएं कर रही हैं सैलून, कॉस्मेटिक्स और कपड़ों का व्यापार

बरेली : सैलून और कपड़ा व्यापार में नाम कमा रहीं महिला व्यापारी

शब्या सिंह तोमर बरेली, अमृत विचार। महिलाओं की व्यापार में पैठ बढ़ती जा रही है। महिलाओं की हिस्सेदारी के लिए भले ही व्यापार मंडल न हो लेकिन व्यापार करने में वह पुरुषों जैसे ही कामयाब हो रही हैं। शहर में अधिकतर महिलाएं सैलून, कॉस्मेटिक्स, कपड़ा और खाद्य व्यापार में आगे बढ़ी हैं।व्यापार मंडल की महिला इकाई की पूर्व महानगर अध्यक्ष और वार्ड 2 की पार्षद रहीं गरिमा ने बताया कि व्यापार मंडल में वह 2006 से 2010 के बीच रही थीं, जिसके बाद से इकाई भंग हो गयी, तब से नहीं बन पाई। व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बताया कि अधिकांश महिलाएं सैलून, कॉस्मेटिक्स और रेडीमेड कपड़ों के व्यापार में आ रही हैं।

कुछ महिला व्यापारियों की कहानी

-बरेली कॉलेज के सामने कॉस्मेटिक की दुकान संचालिका हिमानी मिश्रा पिछले दो साल में दुकान से काफी अच्छा मुनाफा कमा रही हैं। उन्होंने बताया सेटेलाइट से अयूब खां चौराहे तक कोई भी कॉस्मेटिक की बड़ी शॉप नहीं थी। इसलिए दिमाग में सुझाव आया। पति और परिवार ने साथ दिया तो दुकान अच्छी चलने लगी। चार महीने का छोटा बच्चा है जिसे सास देख लेती हैं। पति की दुकान भी पड़ोस में है तो कभी जरूरत पड़ती है तो वह भी साथ देते हैं। मुनाफा भी महीने का 40 से पचास हजार तक हो जाता है।अपने साथ दो और लोगों को भी रोजगार दे रही हैं।

-हेमा अग्रवाल संजय नगर में नौ साल से साड़ी शोरूम चला रहीं हैं। उनके पति प्राइवेट जॉब करते हैं। उन्होंने अपने साथ कई लोगों को भी रोजगार दिया है। हेमा का कहना है कि इलाका पिछड़ा होने की वजह से स्थानीय लोगों को फिक्स रेट शॉप कम समझ आती है, जबकि दूसरे इलाकों के लोग यहां खरीदारी करने आते हैं। फिर भी दुकान लगातार फायदे में चल रही है।

- नीतिका गुप्ता ने छह महीने पहले अपना स्टार्ट अप गुड लुक्स और होम सैलून शुरू किया। नीतिका ने बताया कि इस तरह का पंजीकृत स्टार्टअप नार्थ इंडिया का पहला और भारत का तीसरा है। इसमें ऑनलाइन ब्यूटीशियन बुक की जाती हैं, जो घर जाकर सर्विस देती हैं। इस काम की शुरुआत में सबसे बड़ा डर लड़कियों की सुरक्षा थी लेकिन जब काम शुरू हुआ तो अब तक इस समस्या से सामना नहीं हुआ, जिसके बाद आत्मविश्वास बढ़ा। पति बिजनेसमैन हैं।