रामपुर: रंजिश में दो सगे भाइयों को अजीतपुर बाईपास पर मारी गोली, भर्ती

पीड़ित के पिता की तहरीर के आधार पर प्रधान सहित आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

रामपुर: रंजिश में दो सगे भाइयों को अजीतपुर बाईपास पर मारी गोली, भर्ती

रामपुर,अमृत विचार। रंजिश के चलते रायपुर के प्रधान, उनके भाई और रिश्तेदारों ने मिलकर बाइक से जा रहे दो सगे भाइयों पर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों भाई घायल हो गए। सूचना के बाद पुलिस आ गई। उसके बाद दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्रधान सहित आठ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

बता दें तहसील सदर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी बब्बू का कहना है कि मंगलवार को उसके बेटे फुरकान और तौफीक मुरादाबाद तारीख पर जाने के लिए निकले थे।  बाईपास सर्विस रोड पर पहुंचे तो रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक राय मशवरा होकर अपने हाथ में लिए अस्लहे से अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

जिसमें उसके दोनों बेटों के गोली लग गई। गोली चलने के बाद आसपास के लोगों को आता देखकर आरोपी मौका पाकर फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस भी आ गई। घायलों अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्रधान जाकिर,उसके भाई नासिर,नईम,फईम और उसके रिश्तेदार अहसान ,यासीन,  इमरान, बाबू के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 149,307 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

तनाव को देखते हुए रायपुर गांव में फोर्स तैनात
रायपुर गांव में दोनों पक्षों में काफी समय से रंजिश चली आ रही है। उसी के चलते दोनों पक्षों में तनाव बना रहता है। मंगलवार को भी रंजिश के चलते प्रधान पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के दो सगे भाइयों को गोली मारकर घायल कर दिया था। जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया था। जिसके बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस ने एक दम डेरा डाल दिया। एसपी के आदेश पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। गांव वालों को भी अब घर से निकलने में डर लग रहा है। हालांकि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।

मोहर्रम के दौरान भी हुआ था विवाद
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के गांव रायपुर में  22 जुलाई 2023 को मोहर्रम के जुलूस के दौरान रंजिश के चलते दो गुट भिड़ गए थे। इस दौरान हुई फायरिंग में पांच लोग घायल हो गए थे। तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें मुरादाबाद रेफर कर दिया गया था। 23 जुलाई को  मोहर्रम पर गांव रायपुर में भी ताजियों का जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में भी यह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। उसके बाद वहां गाली-गलौच कर दी थी। विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी थी। जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। उसी के चलते मंगलवार को फिर से झगड़ा हो गया।

रंजिश के चलते कुछ लोगों ने दो सगे भाइयों को गोली मार दी। इस मामले में तहरीर के आधार पर आठ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है-अजय मिश्रा,सिविल लाइन प्रभारी।

ये भी पढ़ें- खाड़ी देशों में व्यंजनों का जायका बढ़ाने को रामपुर की हरी मिर्च का लगेगा तड़का, जानिए क्या बोले किसान?