सपा सांपनाथ, बसपा नागनाथ! तो कांग्रेस है कालिया नाग- उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

सपा सांपनाथ, बसपा नागनाथ! तो कांग्रेस है कालिया नाग- उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

बलरामपुर, अमृत विचार। छोटा परेड ग्राउण्ड में सोमवार को लोकसभा प्रत्याशी साकेत मिश्र व गैसड़ी विधानसभा प्रत्याशी शैलेश सिंह शैलू के नामांकन से पूर्व जनसभा का आयोजन किया गया। जिसमें उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने अपने सम्बोधन में कहा कि भारत विरोधी ताकतें नरेन्द्र मोदी की सरकार नहीं बनने देना चाहती हैं। विरोधी दल उन्हीं के ऐजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं। मेरा दावा है कि राहुल गांधी रायबरेली से तो अखिलेश यादव कन्नौज से इस बार फिर पत्नी डिंपल यादव की तरह चुनाव हारेंगे। भाजपा ने देश में विकास यात्रा शुरू की है। भ्रष्टाचारी घबराए हैं। 400 सीट जीतने से लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा ऐसा दुष्प्रचार कर रहे हैं।

10 साल से भाजपा की सरकार चल रही है। लोकतंत्र को हमेशा मजबूत करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। लोकतंत्र के मंदिर में प्रवेश करने से पहले संसद के सामने पीएम मोदी ने माथा टेका था। बाबा साहब का बनाया संविधान है। इससे कोई छेड़छाड़ नहीं होगा। मोदी ने जो कहा वह पूरा किया। सूबे में सपा सरकार के समय बिजली आती नहीं थी। योगी की सरकार में बिजली जाती नहीं है।

4 जून के बाद 70 साल से उपर के सभी लोगों को पांच लाख की निशुल्क इलाज की गारंटी मिलेगी। देश में एक साथ चुनाव कराने के लिए मोदी जी को 400 सीट चाहिए। भारत माता की जय नहीं बोलने वाले टुकड़े टुकड़े गैंग को रास्ते पर लाने के लिए 400 सीटें चाहिए। मोदी जी ने कहा है कि 370 मैंने हटा दिया है अब आप हर बूथ पर पिछली बार से 370 वोट बढ़ाना होगा। विपक्ष के उम्मीदवार की जमानत जब्त हो जाएगी।

25 मई श्रावस्ती तथा गैंसड़ी विधान सभा का चुनाव है। लोकसभा में कमल खिलेगा तो सीट का आंकड़ा 400 पार होगा और समान नागरिक संहिता लागू होगी। कांग्रेसियों ने अपनी इच्छाओं की पूर्ति के लिए धारा 370 लगायी थी। भाजपा पावर में नहीं आती तो 370 नहीं हटती। भाजपा ने तीन मुख्य वादे किए थे। धारा 370 हटाना, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण व समान नागरिक संहिता। दो काम पूरे हो चुके हैं।  

समान नागरिक संहिता का वादा इस बार सरकार बनने पर पूरा होगा। सपा सांपनाथ है, बसपा नागनाथ कांग्रेस कालिया नाग है। मोदी के टक्कर का कोई नेता देश में नहीं है। विपक्ष के पास न कोई नेता है और न ही मुद्दा है। भारत विरोधी ताकत मोदी को सरकार बनाने नहीं देना चाहती।

मोदी को प्रधानमंत्री की कुर्सी से हटाने के लिए विपक्ष सभी हथकंडे अपना रहा है। प्रधानमंत्री राजीव गांधी बोलते थे एक रूपया जाता है तो 15 पैसा पहुंचता है। 34 लाख करोड़ रूपए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों के खाते में पहुंचा है। और कोई पार्टी की सरकार होती तो ये पैसा वह डकार गए होते। इसीलिए मोदी जी को प्रधानमंत्री नहीं बनने देना चाहते। 10 साल जो सरकार चली है वह ट्रेलर था।

असली पिक्चर 4 जून के बाद दिखेगी। मोदी जी की गारंटी की गारंटी है। आपने कमल का बटन दबाया तो मंदिर में माथा टेकने को सभी नेता को मजबूर होना पड़ा। महाराणा प्रताप की मूर्ति का अपमान किया है सपाइयों ने जिसने अपमान किया है उन्हें इसकी सजा मिलेगी। कमल का फूल खिलाकर सजा मिलेगी। साकेत को सांसद। शैलू को विधायक बनाना है। सपा वाले मेरे प्रति अपशब्दों का प्रयोग करते हैं। हम आरएसएस के लोग हैं। किसी को अपशब्द नहीं कहते।

कमल का बटन दबाकर इनका जवाब देना है। गरीब को अमीर बनाने वाला चुनाव समझकर कमल का बटन दबाइये। उन्होंने लोकसभा प्रत्याशी साकेत मिश्रा व गैसड़ी विधानसभा प्रत्याशी शैलेश शैलू को जिताने की अपील मौजूद लोगों से की।

ये भी पढ़े: CISCE 10वीं, 12वीं 2024 का परिणाम हुआ जारी, लिंक पर जाकर ऐसे करें चेक

ताजा समाचार