Kanpur: कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी बोले- बसपा मात्र वोट कटवा पार्टी...BJP ने अच्छे दिन के सपने दिखाकर बुरे दिन में पहुंचाया

Kanpur: कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी बोले- बसपा मात्र वोट कटवा पार्टी...BJP ने अच्छे दिन के सपने दिखाकर बुरे दिन में पहुंचाया

कानपुर, अमृत विचार। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि इलेक्टोरल बांड का जो खुलासा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हुआ है, उसमें भाजपा रंगे हाथों पकड़ी गई है। भाजपा को 13 हजार करोड़ रुपये के इलेक्टोरल बांड मिले है। कहा कि भाजपा सरकारी संस्थाओं का भय दिखा कर चंदा वसूलती है। 

जिसका खुलासा इलेक्टोरल बांड घोटाले के रुप में हुआ है। जिन कंपनियों ने भाजपा को बांड दिए उन्हें पुरस्कार के रूप में ठेके दिए गए। कहा कि भाजपा प्रेस कांफ्रेस कर किससे कितना चंदा लिया उस पर एक श्वेत पत्र जारी करे। 

अच्छे दिन के सपने दिखा जनता को बुरे दिन में पहुंचाया

प्रमोद तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर बुरी तरह असफल साबित हुई है। चाहे वह देश की सुरक्षा हो, बढ़ती बेरोजगारी हो, किसानों की एमएसपी समस्याएं हो, महंगाई या भ्रष्टाचार हो। देश की जनता के साथ धोखा हुआ है। 

अच्छे दिन आने के सपने दिखा कर सत्ता में आई मोदी सरकार ने देश की जनता को बुरे दिन में पहुंचाया है। कहा कि मोदी सरकार में जनता महंगाई की मार झेल रही है, पेट्रोलियम, खाद्यान्न, तेल व रसोई गैस की कीमतें कई गुना बढ़ गई हैं, लेकिन सरकार कुंभकर्णी नींद में सोई है। 

बसपा मात्र वोट कटवा पार्टी 

प्रमोद तिवारी ने कहा कि बसपा देशमें अपना राजनीतिक आधार पूरी तरह से खो चुकी है। अब वो मात्र वोट कटवा पार्टी के रुप में काम कर रही है। अगर बसपा के प्रत्याशियों की लिस्ट देखी जाए तो यह साफ हो जाता है कि भाजपा प्रत्याशियों को मदद पहुंचाने के लिए है। उन्होंने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी आलोक मिश्रा को जिताने की लोगों से अपील की।

यह भी पढ़ें- Kanpur: सलमान खुर्शीद ने BJP पर साधा निशाना, बोले- देश मजबूत हुआ होता तो चीन कब्जा नहीं करता...