रुद्रपुर: श्रमिकों ने उठाई चार लेबर कोर्ट कानून वापस लेने की मांग

रुद्रपुर: श्रमिकों ने उठाई चार लेबर कोर्ट कानून वापस लेने की मांग

रुद्रपुर, अमृत विचार। मजदूर दिवस पर श्रमिक संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर सिडकुल के नेस्ले चौक पर विशाल आम सभा आयोजित हुई। इस दौरान श्रमिकों ने मजदूर विरोधी चार लेबर कोर्ट कानून को वापस लेने की मांग उठाई। सभा में सिडकुल की विभिन्न यूनियनों, मजदूर संगठनों और किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने भागीदारी की।

बुधवार को आयोजित सभा को संबोधित करते हुए श्रमिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश तिवारी ने कहा कि आज इस सभा को आयोजित करने में हमें अपने संवैधानिक अधिकार के पालन के लिए हाईकोर्ट से आदेश लाना पड़ा। यह मजदूर अधिकारों के लिए प्रशासनिक उपेक्षा को साबित करता है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की यूनियनों के मांग पत्र, सवालों को हल करने में प्रशासन विफल रहा है।

इस दौरान सभी वक्ताओं ने एक स्वर में मजदूरों के लोकतंत्र की बहाली की मांग की। साथ ही केंद्र सरकार से पुराने 44 लेबर कानून की बहाली की मांग की। इस अवसर पर श्रमिक संयुक्त मोर्चा के महासचिव चंद्र मोहन लखेड़ा, मजदूर सहयोग केंद्र के अध्यक्ष मुकुल, एक्टू प्रदेश महामंत्री केके बोरा, इंकलाबी मजदूर केंद्र के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश भट्ट, नगर सचिव दिनेश कुमार, भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष बलजिंदर सिंह मान, महेंद्र सिंह, कमलेश कार्की, हीरा सिंह राठौड़, रविंद्र कुमार, नेत्रपाल, निरंजन लाल, ठाकुर सिंह समेत कई श्रमिक मौजूद रहे।