रुद्रपुर: घर के आगे कूड़ा डालने को लेकर महिलाओं पर बरसाई लाठियां

रुद्रपुर: घर के आगे कूड़ा डालने को लेकर महिलाओं पर बरसाई लाठियां

रुद्रपुर, अमृत विचार। रंपुरा चौकी इलाके के दूधिया नगर में उस वक्त अफरातफरी व चीख पुकार का माहौल पैदा हो गया। जब पडोसी द्वारा एक घर के सामने कूड़ा डाल दिया गया। बताया जा रहा है कि जिस घर के सामने कूड़ा डाला गया था। उस घर में शादी समारोह का माहौल था और घर पर मेहमानदारी में आई महिलाएं मौजूद थी।

आरोप था कि विरोध करने पर पडोसी पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर पी टा। जिसमें एक गर्भवती सहित पांच महिलाएं चोटिल हो गई। जिससे हाईवे पर लोगों का जमावड़ा लग गया और सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना की जानकारी ली। देर रात दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया।

जानकारी के अनुसार दूधिया नगर में एक युवक के घर शादी समारोह का माहौल था और सोमवार की शाम सात बजे घर से बारात निकली,जबकि घर पर युवक का भाई व मेहमानदारी में आई कई महिलाएं मौजूद थी। शाम साढ़े सात बजे के करीब पडोसी ने अपने नाली का कूडा निकालकर शादी समारोह वाले युवक के घर के आगे डाल दिया। जिससे घर के सामने गंदगी हो गई। आरोप था कि जब घर में युवक के भाई ने विरोध किया,तो कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते पडोसी पक्ष के दर्जनों लोग लाठी डंडे लेकर आए और युवक को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

चीख पुकार की आवाज सुनकर जब मेहमानदारी में आई महिलाओं ने रोकने का प्रयास किया,तो हमलावरों ने महिलाओं को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया और जान बचाकर भागी महिलाएं किच्छा हाईवे तक पहुंची। यहां भी हमलावरों ने पीछा कर महिलाओं को चोटिल कर दिया।

जिसमें एक गर्भवती महिला,सुधा देवी,वीरवती सहित पांच महिलाएं घायल हो गई। महिलाओं का आरोप था कि हमलावरों ने गले से सोने की चैन, मंगलसूत्र भी लूटा। मामला रंपुरा चौकी पहुंचा, तो पुलिस ने घटना की जानकारी ली। इसी दौरान दोनों पक्षों का चौकी में जमावड़ा लग गया और संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। उधर,चौकी प्रभारी नवीन बुधानी ने बताया कि देर रात दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया। बावजूद इसके कोई शिकायती पत्र आता है,तो पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी।