रुद्रपुर: रविंद्र नगर में बारातियों में खूनी संघर्ष, कई लोग हुए घायल...लड़की ने किया शादी से इनकार

रुद्रपुर: रविंद्र नगर में बारातियों में खूनी संघर्ष, कई लोग हुए घायल...लड़की ने किया शादी से इनकार

रुद्रपुर, अमृत विचार। आवास विकास चौकी इलाके के रविंद्र नगर में उस वक्त अचानक खूनी संघर्ष हो गया। जब वर-वधु पक्ष के लोगों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष शुरू हो गया। जिसमें बाराती पक्ष के पांच लोगों सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सुबह होने पर चौकी में लोगों का जमावड़ा लगा रहा और बाद में लड़की के शादी से इंकार करने पर दूल्हे को बैरंग ही लौटना पड़ा और दोनों पक्षों ने समझौता नामा पुलिस को दे दिया है।

जानकारी के अनुसार किच्छा के गैस एजेंसी निवासी सन्नी कुमार शुक्रवार की रात 9 बजे रविंद्र नगर बारात लेकर पहुंचा। गेट प्रवेश के बाद अचानक वर और वधु पक्ष के लोगों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि रात 10 बजे कार्यक्रम स्थल में भगदड़ मचने लगी। दोनों पक्षों में हुए खूनी संघर्ष के कारण दूल्हे के भाई पवन कुमार, दीपक कुमार, विक्की कुमार, राजा सागर और शिवनगर निवासी राजन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा रोडवेज संविदा चालक विशाल वर्मा और डीजे संचालक अभिषेक वर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया और पुलिस ने घटना की जानकारी ली। शनिवार की सुबह दोनों पक्षों की भीड़ आवास विकास चौकी में जुटने लगी। जहां काफी जद्दोजहद के बाद आखिरकार वर-वधु पक्ष में आपसी समझौता हो गया। वहीं वधु ने शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में लेनदेन के बाद आपसी समझौता हो गया और बारात बिना दुल्हन के ही बैरंग किच्छा के लिए लौट गई।

महिलाओं ने लगाया लूटपाट करने का आरोप

रविंद्र नगर में दूल्हे के साथ आई बाराती महिलाओं ने वधु पक्ष की ओर से कुछ लड़कों पर लूटपाट करने का आरोप भी लगाया है। आरोप था कि जब बारात बस से उतरने लगी तो अचानक वधु पक्ष की ओर से आए युवकों ने हमला कर दिया। कविता का आरोप था कि उसके गले से सोने की चैन लूटी गई। इसके अलावा शीला देवी का आरोप था कि उसका मोबाइल व चार हजार की नगदी भी लूटी गई है, जबकि वर पक्ष की ओर से किसी ने विवाद नहीं किया। संघर्ष में तीन महिलाएं भी घायल हुई है।  

डीजे में हुई तोड़फोड़, डेढ़ लाख का नुकसान

रविंद्र नगर में हुए खूनी संघर्ष के बाद जहां वर पक्ष के कई लोग घायल हो गए। वहीं इस घटना में डीजे संचालक अभिषेक वर्मा भी घायल हो गए। डीजे संचालक ने बताया कि संघर्ष के दौरान दोनों पक्षों के हमलावरों ने आठ डीजे लाइट और दो स्पीकर में भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। बवाल की सूचना मिलने पर उसकी मां किरन वर्मा वहां पहुंची तो उसे भी चोटिल कर दिया। जिस कारण उसका डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

पलट गई बग्गी, अशुगन होने की चर्चा

किच्छा के रहने वाले दूल्हे की बारात में अशुगन होने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि जब दूल्हा बग्गी पर बैठकर वधु पक्ष के घर की ओर बारात लेकर जा रहा था। इस बीच शिव नगर ट्रांजिट कैंप मार्ग पर अचानक बग्गी में बंधे घोड़े बिदक गए और बग्गी पलट गई। दूल्हे ने बग्गी से कूदकर अपनी जान बचायी। इसके अलावा वैवाहिक स्थल गेट पर भी अशुगन होने की चर्चा है।

रोडवेज चालक हुआ बेवजह हमले का शिकार

रविंद्र नगर निवासी रोडवेज बस चालक विशाल वर्मा ने बताया कि वह संविदा कर्मचारी है और लोकसभा में लगी चुनाव ड्यूटी के बाद शुक्रवार की देर रात घर लौट रहा था। वैवाहिक स्थल के समीप ही उसका घर है। जब आपसी संघर्ष देखा तो वह दीवार की ओट लेकर बचकर निकल रहा था। हमलावर युवकों की नजर उस पर पड़ी। आशंका जताई कि हमलावरों ने वर पक्ष का समझकर उसके सिर पर ईंट से हमला शुरू कर दिया। जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

डीजे पर नचाने और दहेज मांगने की है चर्चा

रविंद्र नगर में शादी कार्यक्रम में हुए विवाद के पीछे कई चर्चाएं है। चर्चा है कि रात 10 बजे जब डीजे बंद हुआ तो बाराती डीजे बजाने की जिद करने लगे। जब डीजे संचालक ने नियम का हवाला देकर इंकार कर दिया तो बारातियों ने मारपीट शुरू कर दी। वहीं दूसरी ओर वधु पक्ष का आरोप था कि मंडप से पहले होने वाली रस्म के दौरान वर पक्ष ने दहेज की मांग की। जब इनकार किया तो बारात वापस ले जाने की धमकी देने लगे। इन दोनों कारणों को असल विवाद की जड़ होने की चर्चा रविंद्र नगर में है।

शुक्रवार की रात 11 बजे रविंद्र नगर में बारातियों और वधु पक्ष के बीच संघर्ष होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही घटनास्थल जाकर जानकारी ली गई और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। शनिवार की सुबह दोनों पक्षों ने चौकी में आकर आपसी समझौतानामा प्रस्तुत कर कोई कार्रवाई नहीं करने की मांग की। मारपीट प्रकरण व शादी का रिश्ता टूटने का समझौता पत्र दिया है। इसके बाद भी यदि कोई शिकायती पत्र देता है तो पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी।

-अरविंद बहुगुणा, आवास विकास, चौकी प्रभारी