मुरादाबाद : ठंड बढ़ने पर आई रैन बसेरों में इंतजाम सुधारने की याद

तैयारी : प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी सक्रिय हुए, कंबल वितरण के साथ होगी अलाव की व्यवस्था 

मुरादाबाद : ठंड बढ़ने पर आई रैन बसेरों में इंतजाम सुधारने की याद

हिमगिरी कॉलोनी स्थित शेल्टर होम में टूटा तख्त व बैठे बुजुर्ग।

मुरादाबाद, अमृत विचार। ठंड बढ़ने पर निराश्रित, गरीब, असहाय व्यक्तियों व परिवार को आश्रय देने की याद जिला प्रशासन व नगर निगम के अधिकारियों को आई। अब अधिकारी महानगर व निकायों में रैन बसेरे, शेल्टर होम की व्यवस्था सुधारने के लिए सक्रिय हो गए हैं। महानगर में नगर निगम के सात स्थायी और दो अस्थायी रैन बसेरे संचालित हैं। हालांकि इसमें कई में व्यवस्था बदहाल है। 

ठंड बढ़ने पर अधिकारी रैन बसेरे में निराश्रितों और जरूरतमंदों के रहने लायक व्यवस्था की निगरानी में जुट गए हैं। महानगर और शहरी निकायों में रैन बसेरा, शेल्टर होम की व्यवस्था को जल्द बेहतर करने का निर्देश अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यम मिश्र ने दिया है। जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण की ओर से सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारी, नगर पालिका व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वह अपने क्षेत्र में रैन बसेरे, शेल्टर होम आदि के प्रबंध ठीक करा लें। जिससे कड़ाके की सर्दी में कोई निराश्रित, बेसहारा, गरीब, कमजोर व्यक्ति को खुले आसमान के नीचे रात बिताने की नौबत न आए।

साथ ही कंबल वितरण और अलाव जलवाने के प्रबंध भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। रैन बसेरों की जियो टैगिंग भी कराई जाएगी। वहीं नगर आयुक्त संजय चौहान का कहना है कि नगर निगम की ओर से महानगर में कुल 9 रैन बसेरे संचालित होते हैं। जिसमें सात स्थायी और 2 अस्थायी हैं। शीतकाल में सभी का सुचारु संचालन कराया जाता है। जहां कमियां होंगी उन्हें ठीक कराएंगे। 

यह करनी है व्यवस्था
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व का कहना है ठंड को देखते हुए रैन बसेरे और गो-आश्रय स्थलों पर पर्याप्त इंतजाम रखें जाएंगे, अलाव जलवाने के लिए जगह भी चिह्नित करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आश्रयहीन व्यक्तियों के लिए रैन बसेरे और शेल्टर होम में रुकने के लिए सभी मूलभूत इंतजाम करा रहे हैं। 

  • हर रैन बसेरा या शेल्टर होम सातों दिन 24 घंटे खुले रहेंगे। इसके लिए एक अधिकारी नामित किए जाएंगे
  • रैन बसेरे के लिए केयर टेकर तैनात किए जाएंगे, जिसका नाम, पदनाम, मोबाइल नंबर रैन बसेरा व शेल्टर होम के गेट पर लिखा होना चाहिए
  • रात में अधिकारी औचक निरीक्षण कर व्यवस्था की स्थिति देखेंगे। कमियों में सुधार कराएंगे। 
  • जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, श्रमिकों के कार्य स्थल व बाजार में अनिवार्य रूप से रैन बसेरा व शेल्टर होम सक्रिय व पूर्ण  सुविधा के साथ संचालित रखना होगा।
  • इसमें बेड बिस्तर, कंबल आदि के साथ सफाई धुलाई नियमित कराई जाएगी, रैन बसेरे का सैनिटाइजेशन भी कराना अनिवार्य होगा
  •  महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय का प्रबंध रहेगा।
  •  रैन बसेरा व अन्य सार्वजनिक स्थानों के पास अलाव जलेगा।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: जिलाधिकारी से की स्कूल संचालित कराने की मांग