बदायूं: सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे 9 साल, 2024 में तीसरी बार केन्द्र में सरकार बनाने का किया दावा

बदायूं: सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे 9 साल, 2024 में तीसरी बार केन्द्र में सरकार बनाने का किया दावा

बदायूं, अमृत विचार। प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नौ साल सेवा सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं, और केंद्र सरकार ने जो वादे किये थे उनको पूरा करके दिखा दिया। इससे जनता एक बार फिर 2024 में नरेन्द्र मोदी को चुनेगी। भाजपा जनकल्याण के लिए काम करती रहेगी।

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और केन्द्र सरकार में मंत्री अरविंद कुमार यादव रविवार को यहां पहुंचे। उन्होंने कृष्णा लॉन में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 30 मई को मोदी सरकार के नौ साल पूरे हो गये। इन नौ साल में प्रधानमंत्री ने जनता से जो वादे किये थे वो पूरे कर दिये हैं।

सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के लिए सरकार ने काम किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने जनता के हित में काम करने का संकल्प लिया था और पूरे नौ साल जनता की सेवा के लिए समर्पित रहे। इसलिए अब आने वाले लोक सभा चुनाव में इन्हीं उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जायेंगे और पूरा भरोसा है जनता एक बार फिर मौका देगी और तीसरी वार केन्द्र में सरकार बनायेंगे।

नौ सालों में जो कार्य किये गये उसकी एक पुस्तक प्रकाशित कर यह दिखाया गया है कि भाजपा ने चुनाव में जो वादे किये वह पूरे कर दिये इसलिए जनता को प्रधानमंत्री पर पूरा भरोसा है। नरेन्द्र मोदी ने 2014 में जब कमान संभाली थी तभी से देश में बदलाव देखने को मिला है। इससे पहले तो सरकारों ने घोटाले किये जिसकी वजह से जनता को उसके हक का पूरा पैसा नही पहुंच पाता था। लेकिन आज पूरा पैसा ग्रामीण के खाते मे पहुंचता है। सरकार ने अनेक योजनाएं चलाकर जनता के दिलों में जगह  बना ली है। सरकार ने जब जन धन योजना शुरू की थी तो विपक्ष के लोगों ने मजाक उड़ाया था लेकिन आज 56 इंच की छाती ने दिखा दिया कि नरेन्द्र मोदी यह भी कर सकते हैं।

सरकार ने स्वच्छता मिशन चला कर ग्रामीण महिलाओं को एक तोहफा दिया है। पहले गांव की महिलाएं सड़कों पर जाती थीं जिन्हे देख कर शर्मा आती थी लेकिन सरकार ने महिलाओं को सम्मान देते हुये शौचालय बना दिये। 2014 से पहले सैकड़ों ग्रामों मे बिजली नहीं थी आज देश के हर गांव में बिजली पहुंचा दी गयी है।हाइवे बनाये जा रहे हैं। बदायूं लोक सभा क्षेत्र में 90 किलोमीटर तक हाइवे बन रहा है। उन्होने कहा कि जिस इंग्लैंड ने भारत पर शासन किया उसे पीछे छोड़ते हुये भारत की अर्थ व्यवस्था पांचवें स्थान पर है। 2027 तक जापान और चाइना को भी पीछे छोड़ते हुये भारत तीसरे स्थान पर होगा। रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया का नारा दिया गया है 16 हजार करोड़ का निर्यात किया गया है।

सरकार ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा दिया है बेटियों के सम्मान मे काम किया जा रहा है। आज भारत का प्रधानमंत्री किसी देश में जाता है तो दुनिया देखती है।इससे पहले के प्रधानमंत्री को कोई जानता तक नहीं था। यहां तक कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में भी मोदी से हस्तक्षेप की मांग की गयी है।पहले की सरकारों ने परिवारवाद से वाहर निकल कर कुछ नहीं किया जविक आज हर ओर परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

भाजपा शासन को सुशासन इसीलिए कहा जाता है कि रात को महिलाएं वाहर घूम सकतीं हैं। कोई खतरा नहीं है उन्होने कहा कि भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता 30 जून तक घर घर जाकर सरकार की उपलब्धियां गिनाएंगे। एक बार फिर भाजपा आने वाले चुनाव में तीन सौ से अधिक सीटें जीतकर केंद्र में सरकार बनाएगी। इस मौके पर सांसद डा. संघमित्रा मौर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, पूर्व एमएलसी जितेन्द्र यादव मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : जनता का काम करते वक्त यह मत देखना आपको वोट दिया या नहीं दिया: आबिद रजा

ताजा समाचार