हरदोई: शादी समारोह में डांस को लेकर दंपति में हुई नोकझोंक, पत्नी ने नहर में लगाई छलांग, पति भी कूदा!

हरदोई। बहनोई के यहां शादी समारोह में पत्नी के नाचने पर पति नाराज हुआ और उसी को ले कर दोनों के बीच नोंकझोंक हो गई। लिहाजा दोनों नाराजगी में वहां से बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी बीच बाइक पर पीछे बैठी पत्नी ने रास्ते में पड़ी शारदा नहर में छलांग लगा दी। उसे देख कर पति भी उसके पीछे नहर में कूद गया। दोनों पति-पत्नी पानी के तेज बहाव में बह गए। इसका पता होते ही वहां हड़कंप मच गया। उन दोनों की तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया है। खबर लिखे जाने तक उनका कुछ भी पता नहीं चल सका था।
बताया गया है कि माधौगंज थाने के नेवादा गब्भी गांव निवासी 23 वर्षीय रेशू उर्फ मान सिंह अपनी 20 वर्षीय पत्नी आरती देवी के साथ सोमवार को बिलग्राम कोतवाली के अख्तियारपुर गांव में अपने साढ़ू अतर सिंह के घर उसकी पुत्री की शादी में शरीक होने गया हुआ था। बताते हैं कि रात में वहां आरती मांगलिक कार्यक्रम में नाचने लगी। जिस पर रेशू उर्फ मान सिंह नाराज हो गया। जिस पर उन दोंनों में नोंकझोंक होने लगी। बात इतनी बढ़ गई कि रात के करीब 12 बजे दोनों बाइक पर सवार होकर घर के लिए चल दिए।
बाइक पर पीछे बैठी पत्नी आरती ने रास्ते में माधौगंज से बघौली रोड पर एका-एक शारदा नहर में छलांग लगा दी। पत्नी को बचाने के लिए रेशू उर्फ मान सिंह भी पीछे से नहर में कूद गया। दोनों पानी के तेज़ बहाव में बह गए। उन्हें ऐसा करते हुए वहां नहर पुल पर तैनात सुरक्षा गार्डों ने देख लिया और इस बारे में पुलिस को खबर की।
इसका पता होते ही वहां पुलिस की टीमें पहुंच गई। दोनों को ढूंढने की कोशिश की गई, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो फिर गोताखोरों को लगाया गया। मंगलवार दोपहर तक दोनों का फिलहाल कुछ भी पता नहीं चल सका था। इस खबर से समूचे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। इस बारे में एसएचओ माधौगंज इंद्रजीत सिंह ने बताया कि दोनों की खोजबीन की जा रही है।
साल 2022 में हुई थी शादी
बताया गया है कि नेवादा गब्भी के रहने वाला रेशू उर्फ मान सिंह की शादी साल 2022 में बालामऊ की आरती देवी के साथ हुई थी। घर वालों के मुताबिक शादी के बाद से दोनों के कभी लड़ाई तो दूर तकरार तक नहीं हुई। रेशू उर्फ मान सिंह आरती को बहुत चाहता था। माना जा रहा है रेशू उर्फ मान सिंह पत्नी को बचाने के लिए नहर में कूदा, लेकिन तेज़ बहाव के आगे उसके तैराकी की तरीके काम नहीं आ सके और इतना दर्दनाक हादसा हो गया।
कानपुर में रह कर गुज़र रही थी ज़िंदगी
मेहनतकश रेशू उर्फ मान सिंह शादी के कुछ महीनों के बाद पत्नी आरती को साथ ले कर कानपुर चला गया। वहां अच्छा काम-धंधा मिल गया तो दोनों वहीं रहने लगे। रेशू उर्फ मान सिंह अपने साढ़ू और आरती के बहनोई अतर सिंह के यहां शादी में शामिल होने के लिए कानपुर से आया हुआ था। दोनों हंसी-खुशी शादी में शामिल हुए, लेकिन नाचने वाली बात बतंगड़ बन गई और हंसती-खेलती दो ज़िंदगियां पानी में बह गई।
ये भी पढ़ें -आजमगढ़ : अपराधियों की हिस्ट्रीशीट में पुलिस करेगी बड़ा बदलाव, स्क्रीन पर दिखेगी बदमाशों की लोकेशन