बिहारः गिरफ्तार हुआ माफिया मुख्तार अंसारी के गैंग का इनामी बदमाश अंगद राय

पटना। कैमूर (बिहार) जिले की पुलिस ने उत्तर प्रदेश के माफिया व पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी गिरोह के बदमाश अंगद राय को शराब के साथ गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंगद पर गाज़ीपुर (यूपी) में करीब 21 केस दर्ज हैं और उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित था। बकौल रिपोर्ट्स, बिहार पुलिस ने उसका शराबबंदी ऐक्ट में चालान किया है।
ये भी पढ़ें - PM की मनीष सिसोदिया के खिलाफ झूठे मामले चलाने और लंबे समय तक हिरासत में रखने की योजना: CM केजरीवाल
पूर्वांचल के माफिया और बाहुबली मुख्तार अंसारी को एक और झटका लगा है। मुख्तार परिवार पर इस समय यूपी पुलिस का शिकंजा कसा हुआ है। काले कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है। वह लंबे समय से जेल में बंद है। वहीं, मुख्तार के विधायक बेटे अब्बास अंसारी को मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल भेजा गया है। चित्रकूट जेल में अवैध रूप से मुलाकात मामले में बहू और अब्बास की पत्नी निकहत अंसारी अरेस्ट हो चुकी हैं।
इसके अलावा उसके गुर्गों के खिलाफ मऊ, गोरखपुर से लेकर गाजीपुर तक लगातार अभियान चल रहा है। इस बीच ताजा जानकारी बिहार से आ रही है। इस बार बिहार पुलिस ने मुख्तार अंसारी को चोट दी है। मुख्तार के शूटर अंगद राय को बिहार के कैमूर जिले से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में सवाल यह उठ रहा है कि अंगद राय गिरफ्तार हुआ है या उसने यह सारा खेल यूपी पुलिस से बचने के लिए रचा।
बिहार पुलिस ने कैमूर के दुर्गावती थाना क्षेत्र से अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। बिहार में शराबबंदी लागू है। ऐसे में शराब के साथ पकड़े जाने का मामला गरमा गया है। अंगद राय गाजीपुर में वॉन्टेड है। यहां उस पर गवाह को धमकाने का केस दर्ज किया गया था। इस मामले में उसकी खोजबीन चल रही थी।
माना जा रहा है कि गाजीपुर पुलिस बिहार पुलिस से अंगद राय का रिमांड मांग सकती है। यह मुख्तार अंसारी और उसके गैंग के लिए मुश्किलें खड़ी करने वाला साबित हो सकता है। हालांकि, उसकी गिरफ्तारी को लेकर तरह-तरह की चर्चा भी शुरू हो गई है। अंगद राय की तलाश यूपी पुलिस और स्वाट कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापे मारे गए। आखिरकार वह बिहार पुलिस की पकड़ में आया है।
कैमूर की दुर्गावती पुलिस ने अंगद को दो केन शराब के साथ पकड़ा। हालांकि, इस गिरफ्तारी को लेकर भी कई प्रकार के सवाल उठ रहे हैं। माना जा रहा है कि यूपी पुलिस और स्वाट के हत्थे चढ़ने पर अंगद राय का एनकाउंटर हो सकता था। ऐसे में उसने बचने के लिए बिहार में अपनी गिरफ्तारी का खेल रचा। गिरफ्तारी की कहानी पूरी फिल्मी लगती है।
अंगद राय की गिरफ्तारी की कहानी पर ही कई सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल, कहा यह जा रहा है कि 13 मार्च को रात 9 बजे दुर्गावती के थाने के एसआई रामजीवन कुमार और उसकी टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी समय नुआव गांव के मंगलचरण स्मारक तिमुहानी के पास एक संदिग्ध को आते देखा गया। उससे रोक कर पूछताछ की गई।
पुलिस ने उसके झोले की तलाशी ली। झोले से दो केन बीयर और दो बोतल शराब मिली। पूछताछ में उसने अपना नाम अंगद राय बताया। खुद को गाजीपुर के भांवरकोल खुर्द शेरपुर का रहने वाला बताया। शराबबंदी एक्ट के तहत उसका चालान कर दिया गया। गाजीपुर में अंगद की तलाश में घर और अन्य ठिकानों पर छापेमारी हो चुकी है। उस पर गवाह पप्पू गिरि को धमकी देने का आरोप है।
ये भी पढ़ें - HSC प्रश्नपत्र : अहमदनगर कॉलेज ने रसायनशास्त्र और भौतिकी के प्रश्नपत्र भी किए गए लीक