खबर का असर : यूपी बोर्ड की कापियां बाइक से संकलन केंद्र पहुंचाने पर डीएम सख्त

अमृत विचार की खबर को संज्ञान में लेकर डीएम ने दिए जांच के निर्देश

खबर का असर : यूपी बोर्ड की कापियां बाइक से संकलन केंद्र पहुंचाने पर डीएम सख्त

अमृत विचार, अयोध्या। यूपी बोर्ड से संचालित वर्ष 2023 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 16 फरवरी से प्रारंभ हो चुकी हैं जो 4 मार्च को समाप्त होंगी। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षा व्यवस्था के साथ संकलन केन्द्र पर पहुंचाने के बजाए बाइक से पहुंचाई जा रही है। शुक्रवार को अमृत विचार ने अपने समाचार पोर्टल जब बाइक से उत्तर पुस्तिकाएं संकलन केन्द्र पर ले जाने वाले कर्मचारियों की फोटो सहित खबर चलाई तो जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग में खलबली मच गयी। जिलाधिकारी ने इसे संज्ञान में लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। 

शुक्रवार को प्रथम पाली की परीक्षा के बाद बाइक से कापियों को बंडल लेकर जीआईसी संकलन केन्द्र जाने वाले शिक्षेत्तर कर्मचारी एमएएलएमएल इंटर कॉलेज रिकाबगंज के वरिष्ठ लिपिक किशन व सहायक लिपिक अरविंद बताए गए हैं। एमएलएमएल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जितेन्द्र राय का कहना है कि दोनों कर्मचारियों को कापियों के बंडल के साथ बाइक से भेजा गया था, लेकिन उनके साथ दो सुरक्षा कर्मी भी दूसरी बाइक से उनके साथ संकलन केन्द्र तक गए थे। हालांकि परीक्षा  पूर्व सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेटों व केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया गया था कि पुलिस अभिरक्षा में ही कापियां संकलन केन्द्र पर कापियां जमा कराई जाएं। इसके बाद भी उत्तर पुस्तिकाओं को बिना पुलिस सुरक्षा के साथ संकलन केन्द्र पहुंचाई जा रही हैं। 

इस सम्बन्ध में जिला विद्यालय निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पांडेय का कहना है कि सड़कों की खुदाई के चलते स्कूल से चार पहिया वाहन नहीं जा सकता था। इसी कारण से बाइक से बोर्ड की कॉपियों को संकलन केंद्र भेजा गया। लेकिन बाइक से कापियां ले जाने के मामले जांच की जाएगी। यदि कापियों के साथ सुरक्षाकर्मी की मौजूदगी नहीं  रही होगी तो  इस लापरवाही में दोषी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। 

स्ट्रांग रूम की मॉनिटरिंग के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए

यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं। लेकिन 20 फरवरी से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के मुख्य विषयों की परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। प्रश्नपत्रों के आउट होने की संभावनाओं के मद्देनजर जनपद के सभी परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केन्द्रों की प्रतिदिन परीक्षा समाप्ति के बाद देर रात तक निगरानी करने के लिए टीम गठित की गयी है। स्ट्रांग रूम की प्रभावी निगरानी कराकर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि स्ट्रांग रूम पूर्णत: क्रियाशील है। वे 24 घंटे सीसीटीवी की निगरानी में हैं। साथ ही स्ट्रांग रूम की चाभी केन्द्र पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट की अभिरक्षा में सुरक्षित रखी गयी हैं। यहां शाम 8 बजे से सुबह 6 बजे जीआईसी अयोध्या में संचालित मानीटरिंग सेल में अतिरिक्त प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। यह प्रभारी स्ट्रांग रूम का सतत पर्यवेक्षण करेंगे। इसके लिए काशी प्रसाद, अरुण सिंह व वेद प्रकाश तिवारी को प्रभारी बनाया गया है। साथ ही उनके साथ कृष्ण कुमार व अविनाश श्रीवास्तव को लगाया गया है।

यह भी पढ़ें : दमन का रास्ता अपनाए हुए है सरकार : अशोक तिवारी