गर्मी शुरू होते ही हल्द्वानी में फिर गहराया जल संकट, नीलियम कॉलोनी के बाद अब लामाचौड़ की पांच हजार की आबादी परेशान

हल्द्वानी, अमृत विचार। जल संस्थान के नलकूपों की मोटर के फुंकने का सिलसिला जारी है। अभी नीलियम कॉलोनी का नलकूप ठीक हुआ नहीं है और अब कुरिया गांव का नलकूप खराब हो गया। इससे इस गांव व उसके आसपास की करीब पांच हजार की आबादी पानी को लेकर परेशान हो गई है। टैंकरों की व्यवस्था …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जल संस्थान के नलकूपों की मोटर के फुंकने का सिलसिला जारी है। अभी नीलियम कॉलोनी का नलकूप ठीक हुआ नहीं है और अब कुरिया गांव का नलकूप खराब हो गया। इससे इस गांव व उसके आसपास की करीब पांच हजार की आबादी पानी को लेकर परेशान हो गई है। टैंकरों की व्यवस्था की गई, लेकिन भीषण गर्मी के मुकाबले यह वैकल्पिक व्यवस्था नाकाफी साबित हुई। लोग परेशान रहे तो कई परिवारों को टैंकरों का पानी भी नहीं मिल सका।

नीलियम कॉलोनी का नलकूप दो मई को खराब हो गया था। आठ दिन हो गए, अब तक उसे ठीक नहीं किया जा सका। यह समस्या अभी चली रही थी कि अब लामाचौड़ के कुरिया गांव का नलकूप भी धड़ाम हो गया। इससे वहां की करीब पांच हजार की आबादी पानी को लेकर परेशान हो गई। प्रभावित क्षेत्र में दूसरे दिन पानी की आपूर्ति टैंकरों से की गई। जेई पंकज उपाध्याय ने बताया कि नलकूप की मोटर फुंक गयी है। उसको ठीक करने का काम सोमवार से शुरू कर दिया गया है। कोशिश की जा रही है कि चार से पांच दिन में मोटर ठीक कर ली जाएगी। लोडिंग लिफ्टिंग में वक्त लगता, उसके बाद नलकूप को चालू कर लिया जाएगा।
15 दिन में चार नलकूप पी जाएंगे छह लाख रुपये
मई महीने के 15 दिन में चार नलकूप जल संस्थान का छह लाख रुपये पी जाएंगे। यानी महीने भर में प्राप्त होने वाले कुल 30 लाख रुपये राजस्व का 20 फीसदी नुकसान आधे महीने में ही हो जाएगा।
बता दें कि 30 अप्रैल को खराब हुए फ्रेंड्स कॉलोनी के नलकूप को आठ दिन में ठीक किया जा सका था। वहीं एक मई को खराब हुए कमुलवागांजा गौड़ का नलकूप को भी ठीक करने में सात दिन लगे थे। नीलियम कॉलोनी और अब कुरिया गांव का नलकूप ठीक हो रहा है। एक नलकूप को ठीक करने में डेढ़ लाख रुपये औसत से खर्चा आता है। इस हिसाब से छह लाख रुपये से ज्यादा खर्च नलकूप सुधारने में हो जाएंगे।
गौजाजाली, दमुवाढूंगा, तल्ली हल्द्वानी में दिक्कत
बरेली रोड के कई क्षेत्रों में पानी की समस्या बरकरार है। इसमें तल्ली हल्द्वानी की कई कॉलोनियां हैं। सुयाल कॉलोनी, गणपति विहार, चौधरी कॉलोनी, गौजाजाली के अन्य कई क्षेत्रों में ऐसे घर हैं, जहां नलकूप का पानी ही नहीं पहुंच पाता है। कई दिनों से टैंकर पर निर्भर इन लोगों को गर्मी में पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। यही हालत दमुवाढूंगा में भी कई घरों में हैं। देवलचौड़, इंदिरानगर, बनभूलपुरा में भी इस समस्या से लोग तंग आ चुके हैं।
बोले जन प्रतिनिधि
गौजाजाली में गणपति विहार, चौधरी कॉलोनी सहित अन्य कॉलोनियों के कई घरों में नलकूप का पानी नहीं पहुंच रहा है। कई बार कह चुके हैं, लेकिन सुधार नहीं हो रहा है। लोगों में रोष पनप रहा है। – गुड्डू वारसी, पार्षद, गौजाजाली
तल्ली हल्द्वानी में पानी का संकट दूर नहीं हो रहा है। आए दिन नलकूप फुंकते हैं। उन्हें ठीक करने में लंबा वक्त लग जाता है। नलकूप चालू होते भी हैं तो भी कई घरों में पानी की सप्लाई नहीं होती है। लोग परेशान हैं। – मनोज जोशी, पार्षद, तल्ली हल्द्वानी