कासगंज: ग्राम समाज की भूमि को लेकर प्रधान और पूर्व प्रधान के पक्षों में संघर्ष, पथराव

कासगंज: ग्राम समाज की भूमि को लेकर प्रधान और पूर्व प्रधान के पक्षों में संघर्ष, पथराव

सोरोंजी, अमृत विचार। सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव बघेला पुख्ता में ग्राम समाज की भूमि को लेकर वर्तमान एवं पूर्व प्रधान के बीच संघर्ष हो गया। पथराव हुआ, लाठियां चलीं, धारदार हाथियारों का भी प्रयोग हुआ। घटना में दोनों पक्षों के कुई लोग घायल हुए हैं। जिनमें से एक को जिला अस्पताल से अलीगढ़ रेफर किया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के दो दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों पक्षों द्वारा एक दूसरे को आरोपित करते हुए पुलिस को तहरीर दी गई है। 

गांव बघेला पुख्ता में ग्राम समाज की भूमि पर पूर्व प्रधान नरेश ठाकुर के समर्थकों का कब्जा था। इस भूमि को लेकर वर्तमान प्रधान के पति विकास चौहान और नरेश ठाकुर के बीच काफी दिनों से मनमुटाव और तनाव चल रहा था। बुधवार रात को इसी जमीनी विवाद के चलते दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। कहासुनी से मामला मारपीट तक जा पहुंचा। दोनों पक्षों के लोग एकत्रित हो गए तो जमकर पथराव हुआ। लाठियां चलीं, धारदार हाथियार का प्रयोग हुआ। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से दो दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों पक्षों ने पुलिस को एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। घटना में चाकू प्रहार से गंभीर रूप से घायल ठाकुरदास पुत्र रामभरोसे को जिला अस्पताल से अलीगढ़ रेफर किया है।  गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात की गई है। 

पुलिस के सामने भी होता रहा पथराव 
गांव बघेला पुख्ता में दो पक्षों के बीच हुए पथराव और संघर्ष की सूचना पर सबसे पहले डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची थी। इधर संघर्ष पर आमादा दोनों पक्षों के लोगों को पुलिस का भी भय दिखाई नहीं दिया और दोनों पक्ष पुलिस के सामने भी पथराव करते रहे। 

गांव में पूर्व प्रधान एवं वर्तमान प्रधान के पक्षों के बीच झगड़ा हुआ। सूचना पर मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों पक्षों की तहरीर ली गई है। मामले में जांच की जा रही है। नियमनुसार विधिक कार्रवाई होगी। पुलिस भी अपने स्तर से दोनों पक्षों पर कार्रवाई करेगी। -भोजराज अवस्थी , इंस्पेक्टर

ये भी पढे़ं- कासगंज: पूर्व पालिकाध्यक्ष के भाई के साथ पांच लाख 60 हजार की ठगी, FIR दर्ज