बरेली: सतीश मिश्रा बोले- ब्राह्मण-दलित एकजुट हो जाएं तो प्रदेश में फिर बसपा सरकार

बरेली: सतीश मिश्रा बोले- ब्राह्मण-दलित एकजुट हो जाएं तो प्रदेश में फिर बसपा सरकार

बरेली, अमृत विचार। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा है कि भाजपा सरकार में ब्राह्मणों और दलितों का उत्पीड़न हो रहा है। सत्ता पाने के लिए प्रदेश में दंगे होते नहीं, कराए जाते हैं। बसपा शासकाल में कभी कोई दंगा नहीं हुआ। पिछले साढ़े चार साल में समाज के कई …

बरेली, अमृत विचार। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा है कि भाजपा सरकार में ब्राह्मणों और दलितों का उत्पीड़न हो रहा है। सत्ता पाने के लिए प्रदेश में दंगे होते नहीं, कराए जाते हैं। बसपा शासकाल में कभी कोई दंगा नहीं हुआ। पिछले साढ़े चार साल में समाज के कई लोगों की हत्या हुई है। दलितों एवं ब्राह्मणों को टारगेट पर रखा गया। इसलिए अब एकजुट होकर प्रदेश में कानून का राज लाने के लिए बसपा को सत्ता में लाएं और बहन मायावती को मुख्यमंत्री बनाएं। ये बातें उन्होंने बुधवार को पीलीभीत रोड स्थित एक बरात घर में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में कहीं।

राष्ट्रीय महासचिव ने श्रीराम मंदिर के चंदे, बेरोजगारी, अपराध, विकास के मुद्दों पर भाजपा के साथ सपा को भी निशाने पर लिया। कहा कि इन पार्टियों ने धर्म का ठेका ले रखा है। इसलिए प्रदेश का ब्राह्मण डरा और सहमा हुआ है। प्रदेश भर में ब्राह्मणों के साथ हुए अत्याचार, उत्पीड़न की घटनाओं का सिलसिले बार जिक्र किया।

बसपा ने सर्वजन हिताय एवं सर्वजन सुखाय के साथ प्रदेश में शासन किया। इसलिए अब भाजपा सरकार अपराधियों को बचाने का काम कर रही है। जबकि मायावती ने मुख्यमंत्री रहते अपने ही पार्टी के सांसद एवं दो मंत्रियों को जेल भेजने का काम किया। कहा कि प्रदेश की जनसंख्या में 13 फीसद ब्राह्मण हैं। यह वर्तमान राजनीति में शून्य पर पहुंच गया है। केंद्र सरकार कृषि विधेयक लाकर किसानों को भूमिहीन करना चाहती है।

केंद्र की सरकार ने रेल, इंश्योरेंस कंपनी, बिजली, हवाई जहाज बेच दिए और अब किसान की भूमि भी उद्योगपतियों को देना चाहती है। इसलिये भारतीय जनता पार्टी के अत्याचार से मुक्ति के लिए दलित, ब्राह्मण और युवा एकजुट हो 2022 में बसपा को सत्ता के शिखर पर पहुंचाए। पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने कहा कि ब्राह्मण और सर्वसमाज मिलकर इस उत्पीड़न का बदला भाजपा सरकार को उखाड़कर लेगा।

बसपा सरकार में खूब काम हुए
बसपा महासचिव ने कहा कि 2007 से 2012 तक बसपा सरकार में अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, काशी में काफी विकास कार्य कराए गए। बसपा भाजपा की तरह कोई आडम्बर और दिखावा नहीं करती है। गोवर्धन मेले को सरकारी मेला घोषित किया। वृंदावन में पानी और सीवर लाइन डलवाई। मथुरा में बस अड्डा बनवाने का काम किया। 100 बेड का अस्पताल और विधवाश्रम के अलावा बिजलीघर स्थापित कराए। यमुना की सफाई का अभियान चलाया।

हर बार सीता को क्यों भूल जाती है भाजपा
सतीश मिश्रा ने कहा भाजपा श्रीराम को याद करती है लेकिन उन्हें सीता से कोई मतलब नहीं है। भाजपा वाले श्रीराम का नाम ऐसे लेते हैं जैसे युद्ध का आगाज कर रहे हों। इसलिए अब लोगों को भाजपा का असली चेहरा पहचानने की जरूरत है। संगठन के मजबूत ढांचे को लेकर उन्होंने जिलाध्यक्ष डा. जयपाल की तारीफ भी की।

आखिर श्रीराम मंदिर का चंदा कहां है : सतीश
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि उनका प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का पहला चरण अयोध्या से 23 जुलाई को शुरू हुआ, दूसरा चरण वृंदावन में श्रीबांके बिहारी के दर्शन के साथ शुरू हुआ है। जब मैं अयोध्या गया तो मुझसे पूछा कि आप अयोध्या क्यों आएं। बताइए क्या कोई भगवान का ठेका ले सकता है। क्या ब्राह्मणों को पूजा अर्चना करना सिखाया जाएगा। ब्राह्मणों को बचपन से ही ये संस्कार दिया जाता है।

बाद में पता चला कि वो हमारा विरोध इसलिए कर रहे थे, क्योंकि श्रीराम मंदिर के नाम पर जुट रहे चंदे का खुलासा न हो। कहा 5 अगस्त 2020 को श्रीराम मंदिर का शिलान्यास हुआ था। एक साल बाद कोई काम नहीं हुआ है तो पैसा कौन सी योजना में जा रहा है। मैं ही नहीं, अब लोग पूछने लगे हैं कि मंदिर के नाम पर जुटा चंदा कहां है। अगर भाजपाई धर्म के ठेकेदार हैं तो संस्कृत विद्यालय क्यों बंद हो रहे हैं। जब बच्चे वेद, पुराण नहीं पढ़ेंगे तो धर्म का प्रचार कैसे होगा। इससे उलट बसपा सरकार में संस्कृत विद्यालयों को अनुदान दिया गया था। भाजपा इस प्रदेश से हिंदू संस्कृति और सनातन धर्म को खत्म करने पर तुली है।

बरेली: सम्मेलन के बहाने सोशल इंजीनियरिंग के फार्मूले में जुटी बसपा

ताजा समाचार