लखनऊ: अधिकारियों की लापरवाही की भेंट चढ़ा नगर निगम का शेल्टर होम

लखनऊ: अधिकारियों की लापरवाही की भेंट चढ़ा नगर निगम का शेल्टर होम

लखनऊ। बेसहारा और गरीब लोगों को शहर में छत मुहैया कराने के लिए बनाया गया शेल्टर होम अधिकारियों की लापरवाही की भेंट चढ़ गया है। ठंड से बचाव के लिए इंतजाम करना तो दूर लालबाग क्षेत्र के दयानिधान पार्क में 2019 में बनाया गया शेल्टर होम लापरवाही  की वजह से अब तक शुरू नहीं हो …

लखनऊ। बेसहारा और गरीब लोगों को शहर में छत मुहैया कराने के लिए बनाया गया शेल्टर होम अधिकारियों की लापरवाही की भेंट चढ़ गया है। ठंड से बचाव के लिए इंतजाम करना तो दूर लालबाग क्षेत्र के दयानिधान पार्क में 2019 में बनाया गया शेल्टर होम लापरवाही  की वजह से अब तक शुरू नहीं हो पाया है। विधायक निधि से बनाए गए इस शेल्टर होम का विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक ने 20 दिसम्बर 2019 को उद्घाटन किया था। जिस पर आज भी ताला लगा है।

राजधानी में ठंड से बचाव के लिए नगर निगम ने विभिन्न क्षेत्रों में 21 स्थायी शेल्टर होम बनाए हैं। इनमें से आठ नगर निगम और 12 संस्थाओं द्वारा संचालित हैं। दयानिधान पार्क स्थित एक शेल्टर होम अभी तक संचालित नहीं हो पाया है। मुख्यमंत्री ने ठंड से बचाव के लिए शेल्टर होम में सुविधाएं देने के निर्देश दिए हैं। ठंड से बचाव के लिए हीटर, गीजर, बिस्तर, कंबल, पेयजल, बाथरूम आदि के साथ रिक्शा चालकों के लिए वाहन खड़े करने के इंतजाम करने के लिए कहा है। इसके बावजूद अभी तक इनमें से कई सुविधाओं के इंतजाम नही हैं।

अस्थायी शेल्टर होम की सूची तैयार नहीं कर पाया निगम

जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भी नगर निगम सुविधाएं देना तो दूर अस्थायी शेल्टर होम की सूची तक नहीं बना पाया है। 20 स्थायी शेल्टर होम के अलावा राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में ठंड से बचाव के लिए नगर निगम अस्थायी शेल्टर होम भी बनाता है। नगर निगम अ​भी तक शहर में बनाए जाने वाले अस्थायी शेल्टर होम की जगह तक तय नहीं कर पाया है। नगर निगम के मुख्य अभियंता कार्यालय से अस्थायी शेल्टर होम बनाए जाते हैं।

यहां हैं नगर निगम के स्थायी शेल्टर होम

लक्ष्मण मेला मैदान, नबीउल्ला रोड निकट डीजीपी कार्यालय, अमीनाबाद में झंडेवाला पार्क, जियामउ प्राइमरी पाठशाला, चकबस्त रोड, कानपुर रोड नगर निगम पुरानी चुंगी, जलालपुर मिल रोड, मिल रोड करेहटा स्टोर, लाटूश रोड पुरानी चौकी, इंजीनियरिंग कालेज के पीछे जानकीपुरम, निकट ताड़ीखाना रेलवे क्रासिंग, डालीगंज यूनानी हॉस्पिटल, चिनहट रामलीला मैदान, गीतापल्ली वार्ड में कांशीराम स्मारक के पीछे, सआदतगंज कल्याण मंडप, इन्दिरा नगर सी ब्लाक, मटियारी गांव में देवा रोड पर नहर पुलिया के पास, अमराई बाजार, खरिका तेलीबाग।

यह मेरी जानकारी में नहीं है। यह शेल्टर होम क्यों नहीं संचालित है इस पर नगर आयुक्त से मंगलवार जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी…संयुक्ता भाटिया, महापौर, लखनऊ नगर निगम।

यह भी पढ़ें:-बरेली: सैकड़ों मरीजों की आंखों की जांच करा बांटी दवाई, ऑपरेशन भी किए