BAFTA अवॉर्ड में इरफान खान और ऋषि कपूर को किया गया याद, भावुक हुए फैंस

लंदन। दिवंगत भारतीय अभिनेता इरफान खान और ऋषि कपूर को बाफ्टा समारोह के ‘स्मृति’ खंड में याद किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में प्रिंस फिलिप, अमेरिकी अभिनेता चाडविक बोसमैन और कनाडाई अभिनेता क्रिस्टोफर प्लमर को भी याद किया गया। फैंस ने इस खास इवेंट का स्क्रीन ग्रैब सोशल मीडिया पर शेयर किया …
लंदन। दिवंगत भारतीय अभिनेता इरफान खान और ऋषि कपूर को बाफ्टा समारोह के ‘स्मृति’ खंड में याद किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में प्रिंस फिलिप, अमेरिकी अभिनेता चाडविक बोसमैन और कनाडाई अभिनेता क्रिस्टोफर प्लमर को भी याद किया गया।
फैंस ने इस खास इवेंट का स्क्रीन ग्रैब सोशल मीडिया पर शेयर किया है। भूषण नाम के फैन ने पिछली रात ट्वीट करते हुए लिखा, ‘इरफान और ऋषि कपूर को देखकर मेरा दिल भावुक हो गया।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘ये जानकर स्तब्ध हूं कि इरफान खान का निधन इस साल हुआ था। लंचबॉक्स में कुछ साल पहले उनकी एक्टिंग कमाल की थी। शानदार अभिनेता।’ कई इंटरनेशनल फैंस ने भी एक्टर्स के निधन पर दुख जताया है।
#IrrfanKhan & #RishiKapoor among the #BAFTA “In Memoriam” tributes – their work appreciated from Indian film screens to a much wider ? audience #BAFTAs #film pic.twitter.com/lFup2QBmWD
— Tejinder Kaur (@TejinderITV) April 11, 2021
उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2020 में खान और कपूर का निधन हो गया था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाले इरफान खान ने कैंसर से दो साल जंग लड़ने के बाद 29 अप्रैल 2020 को 54 वर्ष की उम्र में दम तोड़ दिया था।
अपने जमाने के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर ने खान के निधन के एक दिन बाद ही, 30 अप्रैल को 67 वर्ष की आयु में दम तोड़ दिया था। वह भी कैंसर से पीड़ित थे। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का निधन नौ अप्रैल 2021 को हो गया था। कार्यक्रम में सीन कॉनरी, इयान होम, बारबरा विंडसर समेत कई अनेक दिवंगत कलाकारों को याद किया गया।