बागेश्वर: भाजपा अध्यक्ष कौशिक को गार्ड ऑफ ऑनर देने पर भड़के कांग्रेसी

बागेश्वर: भाजपा अध्यक्ष कौशिक को गार्ड ऑफ ऑनर देने पर भड़के कांग्रेसी

बागेश्वर, अमृत विचार। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के सोमवार को बागेश्वर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका रोड शो के माध्यम से स्वागत किया तो पुलिस ने उनके सम्मान गार्ड ऑफ आनर दे दिया। इसके अलावा कौशिक हेलीकॉप्टर से बागेश्वर पहुंचे तो कांग्रेस को बैठे बिठाए मुददा मिल गया। कांग्रेस ने इसे सत्ता का …

बागेश्वर, अमृत विचार। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के सोमवार को बागेश्वर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका रोड शो के माध्यम से स्वागत किया तो पुलिस ने उनके सम्मान गार्ड ऑफ आनर दे दिया। इसके अलावा कौशिक हेलीकॉप्टर से बागेश्वर पहुंचे तो कांग्रेस को बैठे बिठाए मुददा मिल गया। कांग्रेस ने इसे सत्ता का दुरुपयोग बताया।

सोमवार को प्रातः 11 बजे मदन कौशिक हेलीकॉप्टर से बागेश्वर पहुंचे। हेलीकॉप्टर से उतरते ही पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ आनर दिया गया। इसके बाद वे कार से जिला पंचायत के विश्राम गृह पहुंचे जहां से खुली कार से नगर में रोड शो करते हुए पार्टी कार्यालय में पहुंचे।

इधर, प्रदेश अध्यक्ष को गार्ड ऑफ ऑनर देने व उनके सरकारी हेलीकॉप्टर से आने पर कांग्रेस को मुददा मिल गया। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक, पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी व पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने इस मुददे पर सोशल मीडिया में इसे सत्ता का दुरुपयोग बताया। हरीश ऐठानी ने कहा कि भाजपा जनता के धन का दुरुपयोग कर रही है। सरकारी हेलीकॉप्टर से भाजपा संगठन के कार्य कर रही है। वहीं पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता ललित फर्स्वाण ने कहा कि सत्ता के मद में चूर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नई परिपाटी शुरू करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर लेने का शौक हो गया है। कहा कि भाजपा के मुख्यमंत्री अनर्गल बयानबाजी तो प्रदेश अध्यक्ष अनर्गल कार्य कर रहे हैं। वहीं इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि यह पुलिस की चूक है। इसे अनावश्यक मुददा नहीं बनाना चाहिए।

हमारे पुलिस प्रतिसार निरीक्षक यहां नहीं हैं। प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक से चूक हुई है तथा उन्होंने पूर्व मंत्री मदन कौशिक को त्रुटिवश गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। मैंने इस मामले की जांच बैठा दी है।
– अमित श्रीवास्तव, एसपी बागेश्वर