मुरादाबाद : होली में हुड़दंगियों पर प्रशासन की नजर, सिटी मजिस्ट्रेट रख रहीं व्यवस्था पर नजर, बोलीं- न बिगड़े माहौल

माहौल न बिगड़े इसके लिए पुलिस भी सतर्क, सिटी मजिस्ट्रेट पुलिस टीम के साथ रख रहीं व्यवस्था पर नजर

मुरादाबाद : होली में हुड़दंगियों पर प्रशासन की नजर, सिटी मजिस्ट्रेट रख रहीं व्यवस्था पर नजर, बोलीं- न बिगड़े माहौल

मुरादाबाद, अमृत विचार। होली को लेकर एक तरफ जहां बाजार व घरों में उल्लास है। इसकी तैयारियां चल रही हैं। वहीं होली में हुड़दंग न हो इस पर प्रशासन की भी नजर है। होलिका दहन स्थलों आदि की निगरानी प्रशासनिक अधिकारी कर रहे हैं। शांति समितियों की विभिन्न कोतवाली व थानों में बैठक कर लोगों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की जा रही है।

होली के लिए बाजार सज गए हैं। रंग, गुलाल, पिचकारी आदि की दुकानों पर लोग खरीदारी करने में जुट गए हैं। मिठाई व अन्य जरूरी सामग्री की खरीदारी हो रही है। वहीं होली की खुशियों में हुड़दंगियों के चलते खलल न पड़े इसको लेकर प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हैं। सिटी मजिस्ट्रेट किंशुक श्रीवास्तव होली को सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए शांति समितियों की बैठकों में पहुंचकर संभ्रांत नागरिकों से उल्लास व भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील कर रही हैं।

वहीं मनमानी करने वाले हुड़दंगियों पर सख्ती के लिए भी नजर रखी जा रही है। शासन के द्वारा होली पर कोई नई परंपरा शुरू न करने देने को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट ने भी लोगों से कहा है। होलिका दहन विवादित स्थलों पर न हो इसकी भी मानीटरिंग की जा रही है। सिटी मजिस्ट्रेट का कहना है कि लोगों से अपील है कि वह मिल जुलकर आपसी सौहार्द के साथ होली परंपरागत उल्लास से मनाएं। कोई नई परंपरा नहीं शुरू होगी। होली में हुड़दंग करने वालों पर सख्ती की जाएगी। कोई भी असामाजिक तत्व खलल डालने की कोशिश करेगा तो उस पर कार्रवाई होगी।

मोदी के मुखौटे की बढ़ी मांग, डिजाइनर पिचकारी बच्चों को प्रिय
बाजार में एक तरफ डिजाइनर पिचकारियां बच्चों को लुभा रहीं है तो दूसरी ओर मुखौटे का भी क्रेज है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखौटे की बाजार में खूब मांग है। लोग इसे अधिक खरीद रहे हैं। बच्चों को डोरीमॉन, मोटू पतलू, छोटा भीम और अन्य कार्टून कैरेक्टर वाली पिचकारियां लुभा रही हैं। हालांकि इनके ऊंचे दाम सुनकर कई ग्राहक दुकान से पीछे हट जा रहे हैं। जबकि बच्चे कार्टून कैरेक्टर वाली पिचकारियां ही लेने की जिद कर रहे हैं। दुकानदार भी होली का रंग अपने कारोबार के माध्यम से चटख करने के लिए हर वेरायटी के उत्पाद रखकर ग्राहकों को दिखा रहे हैं।

होलाष्टक आज से, 14 को मनाई जाएंगी रंगों की होली
इस बार रंगों की होली 14 मार्च को मनाई जाएगी। हालांकि कई जगह तिथियों को लेकर लोगों में भ्रम भी है। लेकिन ज्योतिषाचार्य का कहना है कि 13 मार्च को होलिका दहन के बाद 14 मार्च को रंगों की होली खेली जाएगी। 7 मार्च से होलाष्टक शुरू हो रहा है। ज्योतिषाचार्य पंडित केदार मुरारी ने बताया कि वैदिक पंचांग के अनुसार इस साल होलाष्टक 7 मार्च को शुरु हो रहा है। 13 मार्च को होलिका दहन के दिन समाप्त होगा। इन दिनों में कोई भी शुभ कार्य नहीं किया जाता है। लेकिन इस समय पूजा-पाठ और दान करने का विशेष महत्व होता है। उन्होंने बताया कि पंचांग के अनुसार इस साल 13 मार्च को सुबह 10 बजकर 35 मिनट पर फाल्गुन महीने की पूर्णिमा तिथि शुरू होगी। इसका समापन 14 मार्च को 12 बजकर 23 मिनट पर होगा। इस प्रकार होलिका दहन 13 को होगा और 14 मार्च को रंगों की होली मनाई जाएगी।

ये भी पढे़ं : Moradabad : अवैध कब्जे हटाने को कहा तो हड़ताल पर गए आढ़ती, मंडी समिति में पसरा सन्नाटा