Sambhal Crime: महिला के बाद अब पुरुष का पड़ा मिला शव...इलाके में फैली सनसनी, लगाए जा रहे ये कयास
महावा नदी के पुल के नीचे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी

संभल, रजपुरा, अमृत विचार। संभल के रजपुरा थानाक्षेत्र में दो दिन पहले महिला का शव बरामद होने के बाद अब महावा नदी के पुल के नीचे एक पुरुष का शव बरामद हुआ है। दूसरा शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना पाकर घटनास्थल पर अधिकारी पहुंचे। पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रजपुरा थानाक्षेत्र में दो दिन पहले रजापुर गांव के पास खेत में एक महिला का शव मिला था। महिला की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। महिला का शव बरामद होने से दस किलोमीटर दूर बेहट रसूलपुर लिं मार्ग पर महावा नदी के पुल के नीच एक पुरुष का शव बरामद हो गया।
गांव कन्हुआ निवासी ग्रामीण बुधवार की सुबह आठ बजे खेतों पर काम करने और कई महावा नदी की ओर टहलने के लिए जा रहे थे। ग्रामीण जैसे ही बेहट रसूलपुर लिंक मार्ग पर पहुंचे तो पुल के नीचे 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा नजर आया। शव मिलने की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई।
सूचना मिलने पर एएसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा, सीओ गुन्नौर गणेश कुमार गुप्ता और थाना प्रभारी अमरपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने व्यक्ति के शव को पहचान ने से मना कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर अज्ञात व्यक्ति का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। थाना प्रभारी अमरपाल सिंह ने बताया कि व्यक्ति के शरीर पर चोट के निशान मिले है।