कासगंज: निर्माणाधीन लिंटर गिरने से मलबे में दबकर पिता की मौत, पुत्र घायल 

कासगंज: निर्माणाधीन लिंटर गिरने से मलबे में दबकर पिता की मौत, पुत्र घायल 

कासगंज, अमृत विचार। थाना अमांपुर के गांव पूरनपुर में साढू के यहां लिंटर डालने में सहयोग के लिए पहुंचे वृद्ध की लिंटर गिर जाने से मलबे में दबकर मौत हो गई। जबकि पुत्र घायल हुआ है। घायल को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वृद्ध की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

पूरनपुर निवासी मुरारी लाल पुत्र फूल सिंह के नवनिर्मित मकान के कमरे पर लिंटर डाला जाना था। मुरारी लाल के साढू ईश्वरी प्रसाद पुत्र सुखराम एवं उनके पुत्र डोरीलाल निवासी नगला कदम जिला एटा को मुरारी लाल ने सहयोग के लिए बुला लिया था। पिता-पुत्र दोनों गांव पूरनपुर आए हुए थे। दोपहर लगभग तीन बजे निर्माणाधीन लिंटर भर-भरा कर गिर पड़ा। जिससे लिंटर के मलबे में पिता-पुत्र दोनों दब गए। मौके पर चीख पुकार मच गई।

चीख-पुकार की आवाज सुन ग्रामीण मुरारी लाल के घर की ओर दौड़े और मलबा हटाकर पिता पुत्र निकाला गया। तब तक ईश्वरी प्रसार की मौत हो चुकी थी। डोरी लाल घायल था। आनन फानन में ग्रामीणों ने डोरी लाल को अमांपुर के स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना थाना अमांपुर पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। घटना के संबंध में ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

लिंटर गिरने से 55 वर्षीय ईश्वरी पुत्र सुखपाल की मौत हुई है। जबकि उनका पुत्र डोरी लाल घायल हुआ है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलेगी तो नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी- हरिभान सिंह राठौड़, इंस्पेक्टर अमांपुर

ये भी पढ़ें। कासगंज: नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

ताजा समाचार