रामपुर : जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में चली गोली, दो महिलाएं घायल

एहतियातन गांव में पुलिस बल को किया गया तैनात

रामपुर : जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में चली गोली, दो महिलाएं घायल

रामपुर,अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चक खरदिया में जमीन एवं पेड़ों को लेकर हुए विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गये। एक पक्ष ने दूसरे पर गोली चला दी। गोली लगने से महिला और युवती घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। गोली चलने की घटना से गांव में हड़कंप मच गया। एहतियातन गांव में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।

टांडा थाना क्षेत्र के ग्राम चक खरदिया निवासी महबूब उर्फ भूरा और अय्यूब दोनों आपस में रिश्तेदार बताए जाते हैं।अय्यूब की चार साल पहले मृत्यु हो चुकी है। नसीम जहां पत्नी महबूब उर्फ भूरा ने अय्यूब से जमीन क्रय की थी। जमीन की मेढ़ पर यूकेलिप्टिस के पेड़ लगे हैं। जमीन के बंटवारे और उस पर लगे पेड़ों को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही है। 24 मई को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। याकूब पुत्र नबीजान, मकबूल पुत्र मियां जान व फारूक पुत्र मकबूल ने खेत पर लगे पेड़ काटने का प्रयास किया था।

आरोप है कि नसीम जहां द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके पैर में गोली मारकर उसे घायल कर दिया था। इस संबंध में पुलिस ने उस समय घटना को गम्भीरता से लेकर उचित कार्रवाई करने के बजाय दस दिन बाद गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। नतीजतन दोनों पक्षों के बीच रंजिश एवं विवाद बढ़ता गया। शुक्रवार की सुबह आठ बजे के करीब दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। उसके बाद दोनों के बीच गाली-गलौज हो गई। बात इतनी बढ़ी कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर  गोली चला दी।

गोली लगने से महबूब की पत्नी नसीम जहां (45) और अय्यूब की बेटी फरहा (20) गोली लगने से घायल हो गईं। गोली चलने की घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ओमकार सिंह के नेतृत्व में तत्काल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ कीर्तिनिधि आनंद भी घटनास्थल पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलवा लिया गया। पुलिस ने पहुंचते ही तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद मामले की जांच के साथ ही आरोपियों की धर पकड़ शुरू कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के संबंध में मकबूल, मंसूर,फुरकान सहित करीब सात लोगों को हिरासत में लिया है। एक आरोपी फारूक मौके से फरार होने में कामयाब हो गया है,जिसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

एक माह पहले भी हुआ था झगड़ा
आसपास के लोगों का कहना है कि  दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही है।चार साल पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हो चुका है। उसके बाद एक माह पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था,लेकिन उस समय पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया था नतीजतन शुक्रवार को फिर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। पुलिस ने घटना के संबंध में तीन महिलाओं सहित सात लोगों को हिरासत में लिया है। मौके से हथियार भी बरामद किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुरानी रंजिश के चलते टांडा कोतवाली के क्षेत्र गांव चक खरदिया में दो सगे-संबंधी आमने सामने आ गए । गोली लगने से महिला व युवती घायल हो गई है। घटना के संबंध में तीन महिलाओं सहित सात को हिरासत में लिया गया है। एहतियातन गांव में पुलिस तैनात कर दी गयी है।- कीर्तिनिधि आनंद, सीओ टांडा

ये भी पढ़ें : रामपुर : पूर्व विधायक कांशीराम दिवाकर सहित छह दोषियों को सात-सात साल की सजा, कोर्ट ने जुर्माना भी लगाया