बरेली: हाउस टैक्स के बिल अपडेट, ट्रायल के लिए खोली साइट

जीआईएस पूरा होने के बाद शहर में 1.45 लाख से बढ़कर 2.22 लाख हो गए हैं टैक्सदाता

बरेली: हाउस टैक्स के बिल अपडेट, ट्रायल के लिए खोली साइट

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम ने हाउस टैक्स के बिल रिवाइज कर अपडेट कर दिए हैं। इसके बाद शुक्रवार को ट्रायल की शुरुआत कर नए सॉफ्टवेयर से बिल भी जारी किए गए। टैक्सदाता अब अपने बिल की जानकारी नगर निगम की साइट पर ले सकते हैं। बिल में कोई गड़बड़ी होने पर लिखित आपत्ति भी दर्ज करा सकते हैं। यह ट्रायल तीन दिन तक चलेगा।

सॉफ्टवेयर को अपडेट करने के लिए नगर निगम में 1 अप्रैल से टैक्स जमा करने का काम बंद था। अब जीआईएस सर्वे के बाद यह काम पूरा हो गया है। शुक्रवार को तीन दिन के ट्रायल के लिए साइट को खोल दिया गया है। टैक्स विभाग के अनुसार काेई भी भवनस्वामी अपना रिवाइज टैक्स बिल अब ऑनलाइन देख सकता है। नए सॉफ्टवेयर में जीआईएस सर्वे के आंकड़ों को मिलान करने के बाद अपलोड किया गया है। इसमें कोई भी आवासीय या व्यावसायिक भवन का आकार कितना है, यह ब्योरा भी दिया गया है। कहा जा रहा है कि इस व्यवस्था के लागू होने के बाद टैक्सदाता टैक्स तो देंगे लेकिन उन पर ब्याज की मार नहीं पड़ेगी।

अफसरों के मुताबिक टैक्स पिछले वित्तीय वर्ष से रिवाइज किया गया है। भवन स्वामी का मकान जिस आकार का होगा उतना ही टैक्स लगेगा। इसके अलावा बिलों में दो कॉलम रखे गए हैं। पहले कॉलम में 2023-24 तक हाउस टैक्स, वाटर टैक्स और सीवर टैक्स का जमा किए गए टैक्स और बकाया का पूरा विवरण दर्शाया जाएगा, दूसरे कॉलम में जीआईएस सर्वे के बाद बने बकाया का विवरण है। बता दें कि नए सर्वे के बाद शहर में टैक्सदाता 1.45 लाख से बढ़कर 2.22 लाख हो गए हैं। यानी 55 से 60 हजार टैक्सदाता पहली बार टैक्स अदा करेंगे। 25 हजार ऐसे भवन हैं जिनके टैक्स में बदलाव किया गया है। इसके साथ शहर में एक मंजिल और बहुमंजिला आवासीय और व्यासायिक इमारतों की भी सूची बनाई गई है।

सॉफ्टवेयर अपडेट कर दिया गया है। अब तीन दिन ट्रायल चलेगा। भवनस्वामी ऑनलाइन अपना बिल देख सकते हैं। किसी को कोई आपत्ति करनी है तो कर सकते हैं। ऑनलाइन बिल जमा करने की प्रक्रिया तीन दिन बाद शुरू हो जाएगी - प्रदीप कुमार मिश्र, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी

ये भी पढ़ें- बरेली: तपती गर्मी से झुलस रहा लोगों का शरीर, हो रही त्वचा संबंधित समस्या