बरेली: दुष्कर्म के बाद हत्या की कैसे हो जांच?, डॉक्टरों ने छात्रा की स्लाइड ही नहीं की तैयार...जानिए मामला

बरेली: दुष्कर्म के बाद हत्या की कैसे हो जांच?, डॉक्टरों ने छात्रा की स्लाइड ही नहीं की तैयार...जानिए मामला

बरेली, अमृत विचार: फतेहगंज पूर्वी में कथित रूप से धर्म परिवर्तन कराने के बाद छात्रा के साथ दुष्कर्म करने और फिर उसे ट्रेन के आगे फेंक दिए जाने के आरोपों की जांच मुश्किल हो गई है। आपसी सीमा विवाद का नतीजा यह हुआ कि छात्रा के शव का पोस्टमार्टम शाहजहांपुर की कटरा थाना पुलिस ने कराया तो रिपोर्ट बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाने में दर्ज हुई। दूसरे, पंचनामे में दुष्कर्म का जिक्र न होने की वजह से पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों ने छात्रा की स्लाइड ही तैयार नहीं की। अब इस लापरवाही पर लीपापोती की कोशिश की जा रही है। इस बीच पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

फतेहगंज पूर्वी के एक मोहल्ले की महिला के मुताबिक उसकी नाबालिग बेटी को कई महीनों से इलाके का ही फरियाद हुसैन परेशान कर रहा था। उसकी बेटी इस वजह से काफी समय से डरी-सहमी हुई थी। एक महीने पहले उसने बताया था कि फरियाद ने उसका कहीं ले जाकर जबरन धर्म परिवर्तन करा दिया है। 

अब उसे और भाई को जान से मारने की धमकी दे रहा है। महिला ने आरोप लगाया कि बुधवार को उसकी बेटी इम्प्रूवमेंट का फार्म भरने के लिए सुबह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। इसी बीच रास्ते में फरियाद उसे जबरन बाइक पर बैठा ले गया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसे ट्रेन के आगे फेंक दिया। उसकी कटकर मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की कार्यप्रणाली की वजह से इस मामले में पर्याप्त विवेचना की गुंजाइश काफी कम हो गई है। दरअसल, घटना की सूचना मिलने के बाद फतेहगंज पूर्वी और शाहजहांपुर के कटरा थाने की पुलिस सीमा विवाद में उलझ गईं। अफसरों ने भी इस मामले को सुलझाने में कोई दिलचस्पी नहीं ली। दुष्कर्म, अपहरण और ट्रेन के आगे फेंककर हत्या कर देने के आरोपों की तहरीर फतेहगंज पूर्वी पुलिस को दी गई थी लेकिन कटरा पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा तो पंचनामे में दुष्कर्म का जिक्र ही नहीं किया। नतीजा यह हुआ कि पोस्टमार्टम के दौरान दुष्कर्म की जांच के लिए स्लाइड ही नहीं बनाई गई।

सुबह 10 बजे से रात दो बजे तक टालती रही पुलिस
किशोरी के भाई के मुताबिक बुधवार को उसकी दादी का दसवां था। पूरा परिवार उसमें शामिल होने गया था। इसी बीच आरोपी फरियाद ने रास्ते से उसकी बहन का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर ट्रेन के सामने फेंक कर हत्या कर दी। सुबह नौ बजे इसकी सूचना मिलने पर उसके परिजनों ने फरियाद को फाटक के पास ही पकड़ लिया। इस पर उसने उन पर चाकू से हमला कर दिया। 

मौके पर पहुंची पुलिस उसे थाने ले गई, लेकिन घटनास्थल को कटरा थाना क्षेत्र में बता दिया। रात तक यह सीमा विवाद चलता रहा। अधिकारियों के संज्ञान में मामला आया तो कटरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए तो भेज दिया लेकिन रिपोर्ट दोनों थानों में से कहीं दर्ज नहीं की गई। इस बीच दो बार उनसे तहरीर भी बदलवाई गई। हिंदू संगठनों के थाने पर हंगामा करने के बाद फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने रात दो बजे के बाद रिपोर्ट दर्ज की। परिजनों की तहरीर में दुष्कर्म का जिक्र था इसलिए दुष्कर्म की रिपोर्ट तो दर्ज हो गई लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान इसकी जांच के लिए स्लाइड नहीं बन सकी।

फतेहगंज पूर्वी में ही निकला घटनास्थल थाना प्रभारी की भूमिका की होगी जांच
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बृहस्पतिवार को किशोरी के घर और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों से पूछताछ भी की। इससे पहले फतेहगंज पूर्वी और कटरा थाना पुलिस के बीच 14 घंटे तक सीमा विवाद रहने के कारण एसडीएम फरीदपुर लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचे थे। नक्शे के आधार पर उन्होंने जांच कराई तो पाया कि शव जिस स्थान पर पड़ा था, वह फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में ही है। इसके बाद घटना को सीमा विवाद में उलझाने के आरोप को लेकर उन्होंने फतेहगंज पूर्वी के थाना प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी के खिलाफ एसपी देहात दक्षिणी मानुष पारीक को जांच सौंपी है।
वर्जन…
किशोरी की मां की तहरीर पर हत्या, दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन, अपहरण आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। थाना प्रभारी की भूमिका की भी जांच कराई जा रही है। - घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी

एसपी देहात ने किया पुलिस का बचाव
एसपी देहात दक्षिणी मानुष पारीक ने लड़की के घरवालों की तहरीर में दुष्कर्म का जिक्र होने के बावजूद स्लाइड न बनाए जाने पर पुलिस का बचाव किया है। उन्होंने बताया कि लड़की के परिजनों ने बाद में जो तहरीर दी, उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पहले दुष्कर्म का आरोप नहीं था। इसी कारण पंचनामे में स्लाइड बनाने को नहीं लिखा गया होगा। 

लड़की के ट्रेन से कटने की सूचना ट्रेन चालक ने कटरा स्टेशन मास्टर को दी थी। इसकी रिकार्डिंग भी है। इसी कारण कटरा पुलिस मौके पर पहुंची थी और साढ़े तीन बजे पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। उधर, किशोरी के भाई का आरोप है कि उन्होंने एक बजे ही थाना फतेहगंज पूर्वी जाकर तहरीर दे दी थी।

यह भी पढ़ें- बरेली: चुनाव डयूटी में नहीं पहुंचे सौ से अधिक वाहन, चालकों पर होगी रिपोर्ट दर्ज

ताजा समाचार