Loksabha election 2024: धौरहरा में MYT फार्मूला अपना कर चुनावी मंजिल पाना चाह रहे आनंद भदौरिया

Loksabha election 2024: धौरहरा में MYT फार्मूला अपना कर चुनावी मंजिल पाना चाह रहे आनंद भदौरिया

सीतापुर,अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण की तारीख जैसे जैसे नजदीक आती जा रही है। वैसे-वैसे धौरहरा लोक सभा सीट पर चुनाव दिलचस्प होता जा रहा है। जहां भाजपा प्रत्याशी और मौजूदा सांसद सबका साथ, सबका विकास फार्मूला के साथ चुनाव में खुद को सबसे मजबूत साबित करने में जुटी हैं। तो वहीं इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार आनंद भदौरिया एम वाई टी मतलब मुस्लिम, यादव और ठाकुर मतदाताओं के बल पर चुनावी मंजिल तक पहुंचने का भरकस प्रयास कर रहे हैं। वहीं बसपा उम्मीदवार श्याम किशोर अवस्थी ब्राह्मण मतों के साथ ही बहुजन समाज पार्टी के कैडर वोट के साथ खुद को सबसे मजबूत बताने में लगे हैं। फिलहाल धौरहरा का लोकसभा चुनाव काफी दिलचस्प होता हो जा रहा है।
                        
धौरहरा लोक सभा सीट में करीब 17 लाख मतदाता हैं। जिनमें से मुस्लिम मतदाताओं की तादात सबसे अधिक है। आंकड़ों की माने तो करीब तीन लाख मुस्लिम मतदाता है। जोकि अधिकांश भाजपा के विरोध में मतदान करता है। इस बार कांग्रेस और सपा का गठबंधन होने से मुस्लिम मतदाता का अधिकांश वोट गठनबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में जाने की उम्मीद है। वहीं इस सीट पर करीब एक लाख पच्चीस हजार ठाकुर मतदाता है, और इतना ही यादव मतदाता है। 2019 के लोक सभा चुनाव में ठाकुर मतदाता अधिकांश भाजपा के पक्ष में था। लेकिन इस बार आनंद भदौरिया के चुनाव लड़नेे से ठाकुर वोट बड़ी संख्या में उनके पक्ष में जाता दिखाई दे रहा है। वहीं यादव वोटरों को सपा को कैडर वोट माना जाता है। यही कारण है कि आनंद भदौरिया एम वाई टी फार्मूला अपना कर धौरहरा से सदन जाने तक के सफर का सपना संजो चुके हैं।

आसान नहीं होगा भाजपा के वोटरों को काटना
धौरहरा लोक सभा सीट से दो बाद सांसद रही चुकी रेखा वर्मा पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। क्षेत्र की जनता से सीधे जुड़ने का हुनर उनमें कूट-कूट कर भरा है। कार्यकर्ताओं को खुद से सीधे जोड़े रखना और उनसे सीधा संवाद करना उनकी आदत में सुमार है। ऐसे मेें मोदी मैजिक और सीएम योगी की कानून व्यवस्था के मुददे पर मतदान करने वाले मतदाताओं के मन को बदलना विपक्षी नेताओं के लिए आसान नहीं होगा। भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास का नारा देकर सभी जातियों के मतदाताओं को भरोसा हासिल कर रखा है।

बसपा उम्मीदवार बिगाड़ सकते हैं चुनावी आंकड़े
धौरहरा लोक सभा सीट से इस बार बसपा ने श्याम किशोर अवस्थी को अपना उम्मीदवार बनाया है। श्याम किशोर की ब्राह्मण चेहरा होने के नाते ब्राह्मण मतों को अपने पक्ष में करने का भरकस प्रयास कर रहे है। इसके साथ ही बसपा के कैडर वोट के साथ ही अन्य जाति के मतदाताओं के में भी सेंध मारने की जुगत में लगें हुए हैं। अगर वह अन्य दलों के वोट बैंक के सेंध मारने के सफल रहे तो गठनबंधन और भाजपा दोनों के समीकरण बिगड़ जाएगें।

मतदाताओं का आंकड़ा 
कुल मतदाता- 1713971
पुरुष मतदाता- 914127
महिला मतदाता- 799759

ये भी पढ़ें -चंद्रबाबू नायडू ने भारी बहुमत के साथ आंध्र प्रदेश में दोबारा सत्ता हासिल करने का किया दावा