हल्द्वानी: बैसाखी पर होगी योगी आदित्यनाथ और प्रियंका गांधी में ‘जुबानी जंग’

हल्द्वानी: बैसाखी पर होगी योगी आदित्यनाथ और प्रियंका गांधी में ‘जुबानी जंग’

हल्द्वानी, अमृत विचार। अब की बार बैसाखी पर्व पर उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आमने सामने होंगे। चुनावी महासमर में दोनों धुरंधरों में जुबानी जंग के आसार है। दोनों की जनसभाओं के लिए भाजपा व कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

नैनीताल जिले में 13 अप्रैल को स्टार वार होगा। भाजपा के उप्र के सीएम योगी आदित्यनाथ हल्द्वानी में जनसभा करेंगे। वह एमबी इंटर कॉलेज में दोपहर 1 बजे जनता को संबोधित करेंगे। वह मूल रूप से पौड़ी जनपद के हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि वह पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल और अल्मोड़ा संसदीय सीट पर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए कोशिश करेंगे।
वहीं, इसी दिन रामनगर में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी जनसभा करेंगी।

नैनीताल जनपद की रामनगर विधानसभा सीट पौड़ी-गढ़वाल संसदीय क्षेत्र में आती है। माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी रामनगर से नैनीताल, अल्मोड़ा और पौड़ी तीनों संसदीय सीटों के मतदाताओं को साधने की कोशिश करेंगी। 

राजनैतिक विश्लेषकों का मानना है कि पौड़ी गढ़वाल सीट पर भाजपा के अनिल बलूनी और कांग्रेस के गणेश गोदियाल में जबरदस्त टक्कर है। बलूनी जहां सत्ता के बल पर विकास के दावे कर रहे हैं तो विपक्ष में रहते हुए गोदियाल हमले का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। यह भी संभावनाएं जताई जा रही हैं कि सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रियंका गांधी एक दूसरे पर जमकर जुबानी तीर चला सकते हैं।

ऐसे में इन दोनों स्टार की जनसभाओं को सफल बनाने को लेकर भाजपा व कांग्रेस के स्थानीय नेतृत्व ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा ने बुधवार को मुखानी स्थित भाजपा कार्यालय में बैठक की और रैली को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। वहीं, कांग्रेस की हाईकमान की ओर से एक टीम देर रात दिल्ली पहुंच गई है, जो आज रामनगर में कोर कमेटी की बैठक लेगी और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। 

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 13 अप्रैल को रामनगर में जनसभा करेंगी। आज कोर कमेटी की बैठक रामनगर में हैं, जहां सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। कुमाऊं की अब तक की सबसे बड़ी रैली होगी।
= राहुल छिमवाल, जिलाध्यक्ष कांग्रेस 


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 अप्रैल को एमबी इंटर कॉलेज में जनसभा करेंगे। रैली की तैयारियों को लेकर बुधवार को भाजपा कार्यालय में बैठक हुई और जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा का हर कार्यकर्ता जुट गया है। 
= प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष भाजपा