रामनगर: फाटो जोन को मिला 2.41 करोड़ का राजस्व

रामनगर: फाटो जोन को मिला 2.41 करोड़ का राजस्व

रामनगर, अमृत विचार। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो जोन ने इस वर्ष कमाई के पुराने रिकार्ड तोड़ दिए हैं। जनवरी 2022 से शुरू हुए इस पर्यटन जोन में अब तक करीब 1.87 लाख पर्यटक सफारी कर चुके हैं। इनमें 452 विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं।

बता दें कि पिछले पर्यटन सत्र 2022-23 में यहां 80902 सैलानियों ने सफारी की थी, जिससे 1.65 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था। इस बार 98 हजार से अधिक पर्यटक सफारी कर चुके हैं, जिनसे 2.41 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है। तराई पश्चिमी वन प्रभाग का फाटो जोन टाइगर साइटिंग के लिए कॉर्बेट के ढिकाला जोन की तरह मशहूर हो चुका है। इस कारण यहां पर्यटकों की आवाजाही वर्षभर बनी रहती है।

नाइट स्टे की सुविधा शुरू होने के बाद सैलानी यहां रहना पसंद करते हैं। विशेषकर ट्री हाउस उन्हें विशेष आकर्षित करता है। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्या ने बताया कि फाटो जोन में बेहतर टाइगर साइटिंग और सुविधाएं पर्यटकों को भा रही हैं। यहां नाइट स्टे में अभी एक ट्री हाउस है। दो और ट्री हाउस तैयार किये जा रहे हैं, जिससे सैलानियों की संख्या में और वृद्धि होगी।