बदायूं: नवरात्र में भी शहर की सफाई नहीं करा पाई पालिका, जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर

बदायूं: नवरात्र में भी शहर की सफाई नहीं करा पाई पालिका, जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर

बदायूं, अमृत विचार। नवरात्र की शुरूआत हो चुकी है लेकिन नगर पालिका सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं कर सकी है। शहर में जगह जगह गंदगी के ढेर लगे होने से भक्तों को परेशानी हुई। लोगों ने कई बार पालिका से नवरात्र पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। शहर में गंदगी के ढेर पालिका प्रशासन के दावों की पोल खोल रहे हैं।

शहर में लगभग हर समय गंदगी रहती है। कभी नालों का कचरा निकाल कर सड़कों पर डाल दिया जाता है तो कभी कूड़े के कई किई दिनों तक ढेर लगे रहते हैं। जिससे मच्छर पैदा होने लगे हैं। नवरात्रि से कई दिन पहले पालिका प्रशासन को निर्देशित किया गया था कि शहर में हर जगह सुबह आठ बजे तक सफाई हो जानी चाहिए। कहीं कूड़े का ढेर दिखाई न दे। 

जिला प्रशासन की हिदायत के बाद भी पालिका प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया। जिससे सड़कों और चौराहों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। शहर में 12 बजे तक कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। मंगलवार से नवरात्रि शुरू हो चुके हैं। भक्त मंदिरों में पूजा अर्चना करने को गए लेकिन उन्हें गंदगी के ढेर से होकर या पास से होकर गुजरना पड़ा। गंदगी के ढेर छुट्टा गोवंशों ने सड़क पर फैला दिया। 

सुभाष चौक के पास तिराहे और गद्दी चौक और टिकटगंज चौराहे से लेकर बड़े बाजार से भी कूड़ा नहीं उठाया गया। पालिका प्रशासन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। मंदिरों को जाने वाली सड़कें पर भी सफाई नहीं कराई गई है। हरप्रसाद मंदिर के आस पास गंदगी के ढेर लगे होने से देवी भक्तों को परेशानी हो रही है। 

दिन में तीन बार पेयजल सप्लाई की मांग
नवरात्र को लेकर लोगों ने पालिका प्रशासन से मांग की है कि आठ दिन तक दिन में तीन बार पेयजल की सप्लाई दी जाए। साथ ही सुबह-शाम सप्लाई का समय भी बढ़ाएं। जिससे महिलाएं घरों का काम कर सकें और व्रत भी रख लें। 

शहर के शहबाजपुर निवासी मनोज ने बताया कि वैसे तो सुबह शाम पानी आता है लेकिन नवरात्रि में सुबह, दोपहर और शाम को पानी दिया जाए। महिलाएं उपवास रखती हैं। घरों की साफ सफाई करती हैं इसलिए पानी की ज्यादा जरूरत होती है। सोनी ने कहा कि नवरात्रि में नगर पालिका दोपहर को भी पानी दे जिससे परेशानी न हो।

ये भी पढ़ें- बदायूं: नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में उमड़े भक्त, गूंजे माता के जयकारे