मुरादाबाद: कोहरे ने बढ़ाई ठंड, रात से लेकर सुबह तक छाया रहा कोहरा

न्यूनतम तापमान 12 डिग्री पहुंचा, रात में ठंड बढ़ने से ठिठुर रहे लोग, कोहरे में पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त न होने से रात में सड़कों पर दुर्घटना की आशंका

मुरादाबाद: कोहरे ने बढ़ाई ठंड, रात से लेकर सुबह तक छाया रहा कोहरा

मुरादाबाद, अमृत विचार। कोहरे ने ठंड बढ़ा दी है। रात से लेकर सुबह तक कोहरे की चादर रही। सुबह दृश्यता कम होने से वाहनों की हेडलाइट जलाकर लोग सड़कों पर निकले। वहीं लोगों ने स्वेटर, जैकेट भी निकाल लिए हैं। रात में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा।

नवंबर के आखिर में कोहरे ने ठंड और बढ़ा दी है। बुधवार की रात से कोहरा घिर गया। गुरुवार की सुबह कोहरे में लिपटी रही। दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गुरुवार को दिन में धूप निकलने पर तापमान बढ़ा। दिन में अधिकतम तापमान 26 और रात में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान कम होने और कोहरे से लोग ठिठुरे। 

गुरुवार की शाम सूर्यदेव के जल्द अस्त होने से अंधेरा होने लगा। देर शाम बाजारों में लोगों की चहल पहल कम दिखी। कांठ रोड पर रात में कोहरे के चलते विजिविलिटी कम होने और कई जगह स्ट्रीट लाइट बंद होने से आवागमन में लोगों को परेशानी हुई। वहीं आशियाना फेज एक और दो, हरथला, सिविल लाइंस क्षेत्र और सोनकपुर ओवरब्रिज व उसके आसपास के क्षेत्र में पथ प्रकाश की लाइटें न जलने से राहगीरों को परेशानी हुई।

पथ प्रकाश को लेकर पिछली बोर्ड बैठक में सपा की वरिष्ठ पार्षद शीरीगुल ने आवाज उठाई थी। जिसका समर्थन उनके दल के अलावा भाजपा-कांग्रेस के पार्षदों ने भी किया था। जिस पर नगर आयुक्त और महापौर ने जल्द ही सभी पार्षदों के वार्ड में 25-25 स्ट्रीट लाइटें लगवाने के लिए कहा था। लेकिन, अभी तक कई वार्डों में पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। जिससे पार्षद भी नाराज हैं।

 टूटी सड़कों, खराब पथ प्रकाश व्यवस्था को लेकर पार्षद एकता जिंदाबाद के बैनर तले कांग्रेस के व अन्य पार्षदों ने बुधवार को पीलीकोठी स्थित नगर आयुक्त के शिविर कार्यालय पर प्रदर्शन कर नाराजगी जताई थी। लेकिन, अभी तक निगम प्रशासन इसको लेकर गंभीर नहीं दिख रहा है। घने कोहरे में स्ट्रीट लाइट खराब होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : खोजे जाएंगे सक्रिय क्षयरोगी, 5 दिसंबर तक चलेगा अभियान