दिवाली पर एक बार फिर भाजपा पर हमलावर हुए अखिलेश यादव, कहा- पहले बेटी बचाओ फिर दिवाली मनाओ

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूपी-112 की महिला कर्मचारियों के इको गार्डन में धरना प्रदर्शन को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लगातार भाजपा पर हमला करते आ रहे हैं, दीपावली त्योहार पर भी सपा मुखिया ने भाजपा को घेरा है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने रविवार की देर शाम सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ट्वीट कर कहां है कि आज के दिन हर घर में लक्ष्मी जी का आवाहन किया जाता है, लेकिन भाजपा सरकार ने हमारी बहन बेटी स्वरूप लक्ष्मी को घरों से बाहर बैठने के लिए मजबूर कर दिया है। इस दौरान उन्होंने एक वीडियो भी ट्वीट किया है जिसमें रंगोली बनी हुई है और लिखा हुआ है कि बेटी बचाओ तब दिवाली मनाओ उसके बाद 112 भी लिखा हुआ है यह वीडियो इको गार्डन का बताया जा रहा है।
इससे पहले शुक्रवार को यूपी -112 की महिला कर्मचारियों ने इको गार्डन में दीप जलाकर रंगोली बनाई थी और उस पर सेव गर्ल लिखा था। उस दिन भी एक वीडियो समाजवार्दी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया था।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने वीडियो पोस्ट कर लिखा था कि आशाओं के दीप जलाये,आज यहाँ जो बैठे हैं, उनसे वादा है ये अपना, हम भी तेरे संघर्ष में, एक दीया जलाएँगे, हरदम साथ निभाएँगे! यूपी 112 में तैनात महिला कर्मचारी की मांगों के समर्थन में अखिलेश यादव लगातार भाजपा को घेरने का काम कर रहे हैं।
दरअसल, राजधानी के शहीद पथ स्थित यूपी- 112 के बाहर महिला कर्मचारियों ने सोमवार को हंगामा किया था। कर्मचारी वेतन बढ़ाने और ऑफर लेटर की मांग कर रही थीं। महिला कर्मचारियों का आरोप था कि चार साल में एक बार भी उनकी सैलरी नहीं बढ़ाई गई। उन्होंने मांग रखी है कि दीपावली त्योहार से पहले उनकी सैलरी बढ़ाई जाये। साथ ही उन्हें ऑफर लेटर दिया जाये। महिला कर्मचारियों के प्रदर्शन के चलते डायल 112 का कार्य भी प्रभावित हुआ था।
महिला कर्मचारियों ने बताया था कि हम सभी रोजाना 9 घंटे काम करते हैं, लेकिन सैलरी के नाम पर महज 12 हजार रूपये मिलते हैं। चार साल से सैलरी नहीं बढ़ी। जबकि 75 जिलों से आने वाली लोगों की कॉल को सुनते हैं। उसके बाद पुलिस की मदद मुहैया कराते है। कई बार सैलरी बढ़ाने की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके अलावा काम तो यहां कर रहे है,लेकिन ऑफर लैटर तक नहीं मिला है। ऐसे में सभी की मांग है कि त्योहार से पहले हमारी सैलरी बढ़ाकर 18 हजार किया जाये। साथ ही ऑफर लेटर भी दिया जाये।
महिला कर्मचारियों के प्रदर्शन के बाद डायल 112 की महिलायें धरना दे रही हैं। इससे पहले सीएम आवास घेरने जा रही महिला कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर की बात भी सामने आई थी। इन पर सरकारी काम में बाधा डालने और आवश्यक सेवाओं को बाधित करने का आरोप लगा था।
आज के दिन हर घर में लक्ष्मी जी का आह्वान किया जाता है, लेकिन भाजपा सरकार ने हमारी बहन-बेटी स्वरूपा लक्ष्मी को घरों से बाहर बैठने के लिए मजबूर कर दिया है। pic.twitter.com/4P07wxwtJy
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 12, 2023
यह भी पढ़ें: फ्रैंच नागरिक माइकल हुए पंचतत्व में विलीन, हिंदू रिति रिवाज के साथ हुआ अंतिम संस्कार, फ्रांस जाएंगी अस्थियां