शाहजहांपुर: फिर बिगड़ी अनशनकारी की तबीयत, मची अफरा-तफरी
शाहजहांपुर, अमृत विचार। रौसरकोठी स्थित दी यूनाइटेड स्प्रिट लिमिटेड में उत्पादन शुरू कराने की मांग को लेकर चलाया जा रहा आंदोलन बुधवार को भी जारी रहा। एक अनशनकारी की हालत बिगड़ने के चलते माहौल गहमागहमी भरा रहा।
दोपहर एडीएम प्रशासन व सिटी मजिस्ट्रेट धरना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने कर्मचारियों से मिलकर शाम को फैक्ट्री प्रबंधन व कर्मचारियों के बीच वार्ता कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधन के न पहुंचने से वार्ता न हो सकती। वहीं आंदोलन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि अगर जल्द ही समाधान न हुआ तो आंदोलन रणनीति बदलकर और तेज किया जाएगा।
31 अक्टूबर को रौसरकोठी स्थित दि यूनाइटेड स्प्रिट लिमिटेड ने अचानक नोटिस जारी कर फैक्ट्री में वर्षों से कार्यरत 246 कर्मचारियों को बर्खास्त करने का फरमान जारी कर दिया था। नोटिस मिलने से नाराज होकर सारे कर्मचारी फैक्ट्री की छठी जर्जर इमारत पर चढ़ गये थे। कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन देखकर प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। कर्मचारी पुनः बहाली और फैक्ट्री में उत्पादन शुरू कराने की मांग करने लगे।
फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से कोई वार्ता का प्रस्ताव न आने से खफा कर्मचारियों ने तीन नवम्बर से फैक्ट्री के बाहर आमरण अनशन शुरू कर दिया था। फैक्ट्री कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद पांच नवंबर को वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अनशन स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों से वार्ता की और प्रबंधन से वार्ता करने का आश्वासन दिया था।
बुधवार की दोपहर एसपी सिटी सुधीर जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. वेद प्रकाश मिश्र अनशन स्थल पर पहुंचे और कर्मचारियों से वार्ता की। उन्होंने कर्मचारियों को जानकारी दी कि शाम पांच बजे प्रबंधन के अधिकारियों के साथ कर्मचारियों की वार्ता कर समस्या का हल निकाला जायेगा, लेकिन देर शाम तक प्रबंधन की ओर से कोई अधिकारी के न आने से वार्ता नहीं हो पाई।
अनशन पर बैठे एक कर्मचारी की हालत बिगड़ी
रोजा। दी यूनाइटेड स्प्रिट लिमिटेड शराब फैक्ट्री के बाहर चल रहे आंदोलन में सुबह ग्यारह बजे उस समय अफरा तफरी मच गई, जब अनशन पर बैठे छेदालाल के पेट में दर्द व उल्टी आने से अचानक तबियत बिगड़ गई। कर्मचारी की हालत खराब होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक मौके पर पहुंच गए और छेदालाल को उपचार के लिये जिला अस्पताल भेज दिया।
आंदोलन जारी रहेगा
रोजा। डिस्टलरी कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष श्याम देव मिश्रा ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से वार्ता की अभी तक कोई जानकारी हमको नहीं दी गई है। किसी वजह से बुधवार को वार्ता नहीं हो पाई। शायद गुरुवार को वार्ता हो सकती है, लेकिन हमारा आमरण अनशन जारी रहेगा। जब तक फैक्ट्री में उत्पादन शुरू नहीं हो जाता है।
आज हो सकती है कर्मचारियों की फैक्ट्री प्रबंधन से वार्ता
यूनाइटेड स्प्रिट लिमिटेड (शराब फैक्ट्री ) के मुख्यालय बेंगलुरु से गुरुवार को प्रबंधन के अधिकारी कर्मचारियों से वार्ता के लिए आ सकते हैं। यह जानकारी एडीएम प्रशासन संजय पांडेय ने दी।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: एंबुलेंस से टकराई ट्रैक्टर-ट्राली, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत
