मुरादाबाद : उपायों का दिखा असर, स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतरी से सुधरी जिले की रैंक, अमरोहा को 23वां स्थान  

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतरी से जिले की यूपी हेल्थ डैश बोर्ड की रैंक में उछाल आया है। मुरादाबाद मंडल में नंबर पर रहते हुए सितंबर की प्रगति रिपोर्ट के आधार पर जारी सूची में जिला पूरे प्रदेश में 15वीं रैंक पर है। जबकि अगस्त में 23वीं रैंक थी। इस बार पांच अंकों की उछाल से मंडल मुख्यालय नंबर एक पर है। जबकि मंडल में अग्रणी रहने वाला रामपुर जिला इस बार रैंकिंग सूची में 37वें पायदान पर है। प्रदेश में यूपी हेल्थ डैश बोर्ड की रैंकिंग में वाराणसी प्रथम और मुजफ्फरनगर दूसरे स्थान पर है। 

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, शिशु मातृ दर में कमी, जनसंख्या नियंत्रण, टीकाकरण सहित 14 बिंदुओं पर बेहतर कार्य करने के मानक को देखते हुए यूपी हेल्थ डैश बोर्ड की रिपोर्ट प्रदेश के जिलों के लिए जारी होती है। सितंबर की रिपोर्ट में इस बार मंडल मुख्यालय मुरादाबाद 15वीं रैंक पर है। जबकि अगस्त में यह रैंक 23 थी। ग्रामीण क्षेत्र में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर मरीजों का इलाज, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच व टीकाकरण आदि के प्रयासों में गंभीरता, जननी सुरक्षा और जनसंख्या नियंत्रण के उपायों पर लोगों को जागरूक करने के सकारात्मक परिणाम का असर रैंक में सुधार के रूप में दिखा। मंडलीय रैंक में मुरादाबाद मंडल प्रदेश में 5वें स्थान पर है। 

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक रघुवीर सिंह का कहना है कि मिशन की ओर से संचालित स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के आधार पर रैंक निर्धारित होती है। मुख्य रूप से शिशु मातृ दर में कमी, अस्पतालों में उपकरणों के रखरखाव व प्रबंधन, परिवार नियोजन उपायों के प्रति जागरूकता से जनसंख्या नियंत्रण, संस्थागत व सुरक्षित प्रसव कराने पर जोर रहता है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने बताया कि जिले की रैंक सुधरने से मंडल में पहले नंबर पर है। जबकि मंडलीय रैंक में प्रदेश में हम पांचवें स्थान पर आए हैं।

जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के प्रयास गंभीरता से जारी हैं। शहरी और  ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सेवा जन सामान्य के लिए उपलब्ध कराई जा रही है। सुरक्षित, संस्थागत प्रसव से शिशु मातृ मृत्युदर में कमी आई है। टीकाकरण, दवा की उपलब्धता पहले से बेहतर होने का असर डैशबोर्ड की रैंक में बेहतरी के रूप में सबके सामने है। -डॉ. कुलदीप सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी

जिले में ब्लॉकवार रैंक 

  1. भोजपुर  -  1
  2. कुन्दरकी -   2
  3. डिलारी   - 3
  4. बिलारी  -  4
  5. ठाकुरद्वारा   - 5
  6. छजलैट   - 6
  7. ताजपुर  -  7
  8. मूंढापांडे  -  8
    महानगर    9

रैंक सूची में मंडल में जिलों की स्थिति

  • मुरादाबाद -   15
  • अमरोहा  -  23
  • बिजनौर -   28
  • रामपुर  -  37
  • सम्भल  -  55

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: कुत्तों का आतंक, हर दिन 100 से अधिक को कर रहे जख्मी

संबंधित समाचार