सेना की चुनौतियां

सेना की चुनौतियां

वैश्विक सुरक्षा की बिगड़ी स्थिति भारतीय सेना के लिए अलग तरह की चुनौती खड़ी कर रही है। देश की उत्तरी सीमाओं पर चीन की सेना की निरंतर तैनाती, पड़ोसी देश पाकिस्तान में राजनीतिक एवं आर्थिक उथल-पुथल और यूरोप में चल रहे युद्ध ने सेना की चुनौतियां जटिल कर दी हैं। मंगलवार को पुणे में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने कहा कि चीन की सेना की तैनाती उत्तरी सीमा पर बढ़ नहीं रही, वह उतनी है जितनी 2020 में थी। देपसांग और डेमचोक को छोड़कर सभी जगह सही स्थिति है। सीडीएस ने कहा कि मणिपुर में चुनौतियां खत्म नहीं हुई हैं।

गौरतलब है कि चीन और पाकिस्तान आर्थिक संकट के बावजूद अपनी सेनाओं का आधुनिकीकरण कर रहे हैं। परंपरागत खतरे के अलावा दोनों विरोधी देश बढ़े हुए ग्रे जोन गतिविधियों के माध्यम से एक बड़ा खतरा पैदा करते हैं। चुनौती यह है कि भारतीय सेना को इन कार्रवाइयों का उचित जवाब देना होगा। भारत के लिए सबसे अधिक सुरक्षा चिंता चीन की भूमिका रही है। श्रीलंका में आर्थिक संकट की उत्पत्ति चीन और श्रीलंका के बीच रणनीतिक सहयोग के कारण हुई है।

अस्थिर नेपाली राजनीति ने हाल के वर्षों में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय का ध्यान आकर्षित किया है, विशेष रूप से काठमांडू में बढ़ते चीनी प्रभाव के बाद। अफगानिस्तान की अर्थव्यवस्था और भी खराब है। ऐसे में बाहरी सुरक्षा वातावरण की चुनौतियां और वैश्विक मामलों में भारत की प्रतिबद्धता बढ़ती जा रही है। साथ ही भू-राजनीतिक परिवर्तनों  के चलते भारतीय सेना को आंतरिक सुरक्षा के मुद्दों और आतंकवाद विरोधी अभियानों में अपनी प्रतिबद्धता की सीमा का पुनर्मूल्यांकन करने की आवश्यकता है। नेतृत्व को न केवल राष्ट्र की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए बल्कि शांति सुनिश्चित करने के लिए तरीके खोजने होंगे। 

भारत को पड़ोसियों के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने के लिए एक अभिनव रोडमैप के बारे में सोचना चाहिए। यह महत्वपूर्ण है कि भारतीय सेना उन तकनीकों की पहचान करे, जो हमारे उच्च ऊंचाई वाले वातावरण के अनुकूल हों जहां संघर्ष होने की सबसे अधिक संभावना हो। आधुनिकीकरण के स्पष्ट रोड मैप विकसित करे। भारतीय सेना का आधुनिकीकरण तभी हो पाएगा जब इन मुद्दों पर वैचारिक स्पष्टता होगी। भारतीय सेना के आधुनिकीकरण को वैश्विक व्यवस्था में भारत की भूमिका और एक प्रमुख क्षेत्रीय शक्ति के अनुरूप क्षमताओं की आवश्यकता के संदर्भ में भी देखा जाना चाहिए। 

ताजा समाचार

sambhal news : भाजपा नेता के भाई की फैक्ट्री पर छापा : चोरी के वाहनों के पुर्जे बरामद
Auraiya Accident: ट्रैक्टर की टक्कर से मंदिर की छत गिरने से चार दबे, तीन भाई-बहन की मौत, पिता-पुत्री गंभीर
लखीमपुर: दूसरे समुदाय का युवक घर में घुसा, लड़कियों से की छेड़छाड़...खंभे से बांधकर पीटा 
बिहार में ''वित्तीय अराजकता'' के लिए जिम्मेदार है NDA सरकार, RJD का आरोप- मुख्यमंत्री सरकारी धन से कर रहें अपनी पार्टी का प्रचार
चेन्नई के खिलाफ जीत की हैट्रिक लगाने को तैयार है मुंबई इंडियंस, करो या मरो की लड़ाई
HDFC बैंक का शुद्ध लाभ मार्च तिमाही में 6.6 प्रतिशत बढ़कर 17,616 करोड़ रुपये हुआ