बहराइच: मवेशियों को चारा दे रहे बुजुर्ग पर तेंदुए ने किया हमला, वन कर्मियों ने पीएचसी में कराया भर्ती, रेफर

बहराइच: मवेशियों को चारा दे रहे बुजुर्ग पर तेंदुए ने किया हमला, वन कर्मियों ने पीएचसी में कराया भर्ती, रेफर

बहराइच, अमृत विचार। सुजौली रेंज के ग्राम धनिया बेली निवासी एक बुजुर्ग मवेशियों को घर के बाहर चारा दे रहा था। तभी जंगल से निकल कर आए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। शोर मचाने और हांका लगाने पर तेंदुआ घायल को छोड़ कर जंगल की ओर गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज अंतर्गत धनिया बेली गांव जंगल से सटा हुआ है। गांव निवासी लाला (60) पुत्र भगौती प्रसाद पशु पालन का काम करते हैं। बुधवार रात आठ बजे वह द्वार पर मवेशियों को चारा खिला रहे थे। तभी जंगल से निकल कर तेंदुआ पहुंच गया। तेंदुआ ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया। ग्रामीण के शोर मचाने पर गांव के लोग दौड़े। सभी ने हांका लगाया।  

इस पर तेंदुआ बुजुर्ग को छोड़ कर जंगल की ओर चला गया। ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले की सूचना सुजौली रेंज के वन कर्मियों को दी। मौके पर पहुंचे वन दरोगा अनिल कुमार पटेल ,वनरक्षक दयानंद के साथ कई वन अन्य वन कर्मी मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस से घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र  सुजौली ले जाया गया।

जहां पर प्राथमिक उपचार के पश्चात बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर रेफर कर दिया गया है। गांव निवासी निशा यादव ने बताया कि लगातार आबादी क्षेत्रों में तेंदुए के हमले बढ़ते जा रहे हैं। गांव में रात में अंधेरा छाया रहता है, जिसके चलते तेंदुए लगातार पालतू मवेशियों पर हमलावर हो रहा है। 

वन क्षेत्राधिकारी सुजौली राम कुमार ने बताया कि तेंदुए के हमले की सूचना मिली है। मौके पर वन कर्मियों को भेजा गया है। वनकर्मियों के द्वारा ग्रामीणों को बचाव के तरीके भी बताए गए हैं और भी सुरक्षा बढ़ाई जाएगी।

यह भी पढ़ें;-कांग्रेस नेता का आरोप- राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस नहीं दर्ज कर रही मुकदमा