शान्तिपुरी: शराब पीने से रोका तो पिता की चाकू से गोद कर हत्या
रिटायर्ड सूबेदार थे दीवान गिरी, बेटे भजमन ने सीधे सीने पर किया चाकू से वार

शराब पीने से मना करने पर रोजाना होता था घर में विवाद, हत्यारोपी गिरफ्तार
शान्तिपुरी, अमृत विचार। शराब पीने से मना करने पर हुए विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि बेटे ने पिता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि, शान्तिपुरी नंबर-एक, थाना पंत नगर निवासी दीवान गिरी (58) पुत्र जीत सिंह सेना से सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेना में अपनी सेवाएं देने के बाद वे शान्तिपुरी में परिवार के साथ रह रहे थे।
घटनाक्रम के अनुसार, गुरुवार रात लगभग नौ बजे दीवान गिरी के पुत्र भजमन गिरी (35) ने शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद नशे की हालत में पिता पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार सीधा दीवान गिरी के सीने पर होने के कारण वह वहीं गिर गए।
उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य वहां पहुंचे तो देखा कि दीवान गिरी खून से लथपथ पड़े थे और बेटा भजमन भी वहीं खड़ा था। दीवान गिरी को इस हालत में देख परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, किच्छा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दीवान गिरी को मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। किच्छा पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने पंचनामा भरने की कार्यवाही की। उधर, परिजनों की सूचना पर पहुंची पंतनगर पुलिस ने हत्यारोपी भजमन को गिरफ्तार कर लिया।
अवैध शराब बनी मौत का कारण
रिटायर्ड सूबेदार दीवान गिरी की हत्या का सबब बेटे की शराब की लत माना जा रहा है। नगर में अवैध शराब की बिक्री जोरों पर है और पुलिस-प्रशासन इसकी रोकथाम के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रही है।
शान्तिपुरी क्षेत्र में नशे का कारोबार खूब फल-फूल रहा है, जिस पर पंत नगर पुलिस-प्रशासन भी चुप्पी साधे हुए बैठा है। शराब की लत लगने पर यहां के युवा अपने ही घरों के सामान की चोरी कर इन शराब माफियाओं को शराब के बदले दे आते हैं, जिससे घरों में परिवार के सदस्यों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं आम हो गई हैं।
कभी-कभी ये आपसी विवाद खूनी विवाद में बदल जाते हैं। वहीं, धीरे-धीरे अब स्मैक की बिक्री भी इन जगहों पर बढ़ने लगी है जिससे क्षेत्र में चोरी की वारदातों में इजाफा हो गया है।