रुद्रपुर: दस पेटी प्रतिबंधित e-Cigarette समेत दो गिरफ्तार

रुद्रपुर, अमृत विचार। नशे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 10 पेटी प्रतिबंधित ई-सिगरेट के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने बताया कि मुमताज गेट के पीछे एक सफेद रंग की स्कार्पियो में दो लोग काफी देर से बैठे हुए हैं। जिनकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही हैं।
इस पर पुलिस टीम ने स्कार्पियो को पकड़ने के लिए चेकिंग शुरू की। पुलिस ने लालपुर की ओर से आ रहे उक्त वाहन को रुकने का इशारा किया तो वाहन चालक ने वाहन नहीं रोका और भागने का प्रयास करने लगे। तभी पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया। पुलिस ने वाहन में बैठे दोनों लोगों से जब उनका नाम पूछा तो चालक ने अपना नाम संतोष कुमार ग्राम सैलानीगोठ थाना टनकपुर जनपद चंपावत और दूसरे ने मदन सिंह निवासी सैलानी गोठ थाना रामपुर जनपद चंपावत बताया।
पुलिस को देख पिछली सीट पर बैठे मदन सिंह द्वारा वाहन में रखी गत्ते की पेटियों के ऊपर कंबल डालकर उन्हें छुपाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने जब वाहन ने तलाशी ली तो उसमें मेड इन चाइना की दस पेटी प्रतिबंधित ई-सिगरेट (160 पैकेट) बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि टनकपुर में दीपेन्द्र कार्की नामक व्यक्ति ने उन्हें यह सामान दिया था। कहा कि यह सामान मय वाहन के दिल्ली ले जाएंगे। वह दिल्ली पहुंचने पर ठिकाने का पता बताएगा। दीपेन्द्र के बारे में इसके अतिरिक्त वह कुछ नहीं जानते हैं। पुलिस ने बरामद माल को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।