5 बार World's Best Restaurant का खिताब जीतने वाला Noma 2024 में हो जाएगा बंद

5 बार World's Best Restaurant का खिताब जीतने वाला Noma 2024 में हो जाएगा बंद

कोपेनहेगन। कोपेनहेगन (डेनमार्क) स्थित नोमा रेस्टोरेंट 2024 में बंद हो जाएगा और इसे फूड इनोवेशन के लिए विशाल लैब में बदला जाएगा। शेफ रेने रेड्ज़ेपी द्वारा संचालित यह रेस्टोरेंट 2003 में खोला गया था और इसे 5 बार दुनिया के सर्वश्रेष्ठ रेस्टोरेंट का खिताब मिल चुका है। बकौल ब्लूमबर्ग, सरकारी मदद के बावजूद नोमा 2021 में मुनाफा नहीं कमा सका था।

डेनमार्क की राजधानी कोपनहेगन में करीब 20 साल पहले खुले नोमा (Noma) रेस्टोरेंट को यह खिताब एक बार नहीं कई बार हासिल हो चुका है। यह रेस्टोरेंट अपने अजीबो-गरीब और महंगे डिशेज के लिए दुनियाभर में फेमस है। अब चिंता वाली बात ये है कि यह रेस्‍तरां अगले साल बंद होने जा रहा है। इससे पहले हम आपको खासियत और खूबी के जरिये घर बैठे नोमा रेस्टोरेंट की सैर कराते हैं।

फाइन डाइनिंग के लिए दुनियाभर में पहचान बना चुके Noma रेस्टोरेंट में अभी रेनडीयर का दिल बाकायदा ग्रिल्‍ड करके पाइन यानी देवदार की लकड़ी से बने प्‍लेट में परोसा जाता है। इतना ही नहीं, केसर मिली आइसक्रीम को मधुमक्‍खी के मोम से बने बाउल में परोसा जाता है।

यहां एक बार खाने का लुत्‍फ उठाने के लिए एक आदमी को अमूमन 500 डॉलर यानी करीब 40 हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं। रेस्टोरेंट के सीजनल टेस्टिंग मेन्‍यू में अभी सिका डीयर, गेम बर्ड, रेनडीयर, खाने वाला जंगली मशरूम और जामुन से बने पकवान दिए जा रहे, जिसकी कीमत करीब 500 अमेरिकी डॉलर है। इसके साथ करीब 250 डॉलर की वाइन भी परोसी जाती है।

Noma को दुनियाभर में मशहूर उसकी रेसिपी ने बनाया है तो इन रेसिपी को बनाने वाले शेफ रेने रेजपी को मौजूदा दौर का सबसे ब्रिलियंट और प्रभावी शेफ भी माना गया है। रेजपी ने ही बताया है कि यह रेस्टोरेंट साल 2024 से आम ग्राहक को अपनी सेवाएं देना बंद कर देगा।

कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा कि इस रेस्‍तरां की खूबी ही इसके गले की फांस बन गई है। यहां बनने वाली डिशेज में ज्‍यादातर जंगली जानवरों से बनी होती हैं, जिन पर रोक लगाने की मांग हो रही है। इसके अलावा नोमा सहित दुनियाभर के महंगे रेस्‍तरां की समीक्षा की जा रही है। इन पर आरोप है कि यहां कर्मचारियों को काफी कम वेतन दिया जाता है, जबकि इन रेस्टोरेंट में परोसे जाने वाले डिश के रेट काफी ज्‍यादा होते हैं. यही कारण है कि रेस्‍तरां को आगे सुचारू रूप से चलाना मुश्किल हो रहा है।

ये भी पढ़ें :  अफगानिस्तान : महिला एथलीटों को खेल गतिविधियों से दूर रहने की धमकी दे रहा तालिबान